मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने रीवा में कहा- जनता से अफसरों की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं, राम मंदिर पर कांग्रेस का पेट दुख रहा

न्यूज़ डेस्क :

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, ‘जन प्रतिनिधि और अधिकारी जनता की सेवा के लिए हैं। कोई कितना भी बड़ा प्रशासनिक अधिकारी हो, उसके द्वारा जनता से की गई बदतमीजी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता के सम्मान के मामले में समझौता नहीं होगा।’

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ‘कांग्रेस के कुछ नेताओं का पेट दुख रहा है कि अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है। इन्हें कोई छोड़ने वाला है क्या? अब वे दूसरा मुद्दा खड़ा करने की तैयारी में हैं। कांग्रेस ने केवल राजनीति की है।’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह बात शुक्रवार को रीवा में कही। एक दिवसीय दौरे पर आए सीएम ने शहर के विवेकानंद पार्क से व्यंकट भवन तक रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने तलवार भी घुमाई। उन्होंने NCC ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में 337 करोड़ रुपए की लागत की योजनाओं का भूमिपूजन-लोकार्पण किया।

इसके बाद सीएम डॉ. यादव दिल्ली के लिए रवाना हो गए। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने संभागीय समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री के अचानक दिल्ली जाने की वजह सामने नहीं आई है।

शुक्ल बोले- यह रीवा के दामाद का स्वागत

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा, ‘जन आभार यात्रा में जनता ने मुख्यमंत्री का नहीं, बल्कि रीवा के दामाद का स्वागत किया है।’ शुक्ल ने सीएम से मांग करते हुए कहा कि रीवा की धरती से इतनी दौलत पैदा हो रही है कि यहां की मंडी को आदर्श मंडी बनाना चाहिए।

शुक्ल ने रीवा में बन रहे हवाई अड्‌डे का लोकार्पण करने के लिए मार्च महीने में मुख्यमंत्री को आमंत्रित भी किया।

337 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास

रीवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुल 337 करोड़ 90 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 326 करोड़ 54 लाख के 40 निर्माण कार्यों का शिलान्यास जबकि 11 करोड़ 36 लाख 40 हजार के कामों का लोकार्पण किया। इनमें दो स्कूल भवन, केंद्रीय जेल की 8 बैरक और नगर निगम सीमा में सड़कों के सुधार समेत नाला निर्माण के 6 काम शामिल हैं।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!