मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कागपुर प्रवास: भावांतर के किसानों, पशुपालकों और लखपति दीदियों से किया संवाद
किसानों ने दी धन्यवाद, दीदियों ने साझा किए सफलता के अनुभव

विदिशा :
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को विदिशा जिले की आदर्श ग्राम पंचायत कागपुर में अनेक विकास गतिविधियों का अवलोकन किया और भावांतर योजना से लाभान्वित किसानों, पशुपालकों तथा आजीविका मिशन की लखपति दीदियों से सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और सोयाबीन भावांतर योजना के लिए आभार जताया।

किसानों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सोयाबीन के भाव के अंतर की राशि सीधे किसानों के खाते में देने से उन्हें वास्तविक लाभ मिला है और यह योजना खेती को स्थिर आय देने में अत्यंत उपयोगी साबित हुई है। किसानों ने मुख्यमंत्री को भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर भेंट कर सम्मान प्रकट किया।
पशुपालकों से संवाद
मुख्यमंत्री ने कागपुर उद्यान में कुरवाई, गोपाल नगर और सिरोंज क्षेत्र की गौशालाओं के संचालकों से भी मुलाकात की। गौ सेवा समिति कुरवाई गौशाला भोरासा के संचालक ओमप्रकाश आर्य समेत विभिन्न गौशाला प्रतिनिधियों ने गौ-संरक्षण एवं पशुपालन से जुड़ी आवश्यकताओं और योजनाओं पर चर्चा की।

लखपति दीदियों की सफलता की कहानी
अजीविका मिशन से जुड़ी लखपति दीदियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए। ग्राम कनारी की मंजरा तनाज की लखपति दीदी श्रीमती मिथलेश सहरिया ने बताया कि उनके ‘क्रांति स्व सहायता समूह’ के माध्यम से उन्होंने सिलाई सेंटर और अन्य गतिविधियों से 10 हजार रुपये मासिक आय अर्जित कर एक लाख रुपये सालाना की उपलब्धि हासिल की है। उन्हें लाड़ली बहना योजना का लाभ भी मिल रहा है।
इसी तरह कागपुर की मीरा स्व सहायता समूह की लखपति दीदी श्रीमती मोनिका विश्वकर्मा ने मिशन के माध्यम से बढ़ी अपनी सालाना आय की सफलता मुख्यमंत्री के साथ साझा की।

आदर्श ग्राम नक्शा, तालाब एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मुख्यमंत्री ने आदर्श ग्राम पंचायत कागपुर के नक्शे का अवलोकन कर ग्राम में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कागपुर तालाब के विहंगम दृश्य को दूरबीन से देखा और विदेशी पक्षियों के आगमन पर वन विभाग से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद कागपुर बगिया में आम का पौधा रोपित कर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री लखन पटेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा, कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे, विदिशा विधायक मुकेश टंडन, जनप्रतिनिधि महाराज सिंह सहित कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



