मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बोले-कांग्रेस में जो समझदार थे,वो हमारे पास आ गए: BJP चुनाव प्रबंधन की बैठक में कहा- उनका उधार का सिंदूर भी मंहगा पड़ता है

भोपाल डेस्क :

आज सोमवार 13 मई को मप्र में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 8 सीटों पर मतदान होना है। पिछले तीन चरणों में शांति पूर्वक चुनाव संपन्न होने के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में बीजेपी चुनाव प्रबंधन में लगे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सीएम डॉ मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने बैठक की और उसके बाद डिनर किया।

बैठक में सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा- हमने केवल अपने पाले की तरफ देखा। लेकिन अगर दूसरे पाले की तरफ देखें कि जिनसे युद्ध था वो कौन थे। उनके बारे में भी तो ध्यान दें वो क्या कर रहे थे? सीएम ने एक प्रसंग सुनाते हुए कहा – एक बार पांच शिष्य आश्रम से अलग-अलग प्रकार की विधाएं सीख कर निकले और वे अलग-अलग विद्या में पारंगत होकर जब आश्रम से विदा हो रहे थे। तो जंगल में उन्हें एक हड्डियों का ढेर दिखा।

तो उनमें से एक ने कहा जिस प्राणी की ये हडि्डयों हैं मैं उसका ढांचा बना सकता हूं। दूसरे ने कहा मैं मांस- मज्जा दे सकता हूं। तीसरे ने अपनी विधा बताई और चौथे ने कहा मैं प्राण डाल सकता हूं।पांचवें ने गौर से देखा तो पता चला कि वो हडि्डयों का ढांचा शेर बन गया था। पांचवे शिष्य ने कहा- आप लोगों को जो करना है करो मुझे पहले पेड़ पर चढ़ जाने दो। और उसके बाद उस शेर ने सबको खा लिया।
सीएम ने कहा- मैं कांग्रेस को इस भाव से देख रहा था। कि कांग्रेस में जो समझदार थे वो पेड पर चढ़कर अपने पास आ गए। बाकी को तो मरना ही है।

पित्रोदा जाने कैसे गुरु हैं

सीएम ने कहा- कांग्रेस में रोज कोई ना कोई नए ज्ञान की बातें दे ही देता है। कांग्रेस की तरफ से लोग कम पड़ रहे हैं क्या? बाकी पटोले ने जो कहा कि हम राम मंदिर को गंगाजल से धोएंगे। अभी हाल ही तो राष्ट्रपति जी गई हैं वहां। अभी कितने दिन हुए हैं। और उनके बाद जो ये बात आती है। उसका अर्थ क्या निकलेगा। ये उसी प्रकार के प्राण फूंक रहे हैं। यहां से वहां तक पूरी कांग्रेस को देख लो,पहले ही मर गए बचा कुछ नहीं हैं। जो मर्जी है वह बोलते हैं। सैम पित्रोदा कभी कुछ भी ज्ञान दे जाता है कैसा गुरु है भगवान जाने? शिष्य का भला करना चाहता है कि बुरा करना चाहता है। हमारी पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए ये चुनाव आदर्श उदाहरण है। जितने अच्छे ढ़ंग से यह चुनाव हुआ उसके लिए आप सबको बधाई।

कांग्रेस को किसी लायक नहीं छोड़ेंगे
सीएम ने शोले फिल्म का जिक्र करते हुए कहा- हम सबके अंदर शोले जल रहे हैं। कि हम हर हालत में कांग्रेस को किसी लायक नहीं छोड़ेंगे। क्योंकि ये अंग्रेजों का प्रसाद है। कांग्रेस अंग्रेजों की अधूरी इच्छा पूरी करती है। इनकी नीति ही गलत है। उनका उधार का सिंदूर लोगों को बहुत मंहगा पड़ता है।

देश का मजाक बनाने में कांग्रेसी विश्वास रखते हैं
सीएम ने कहा- भाजपा की तरह जब तक कोई दल जिसमें भारत की आत्मा हो इस तरह का कोई विपक्षी दल नहीं खड़ा होगा। तब तक ये कष्ट रहेगा। क्योंकि, उनकी जड़ों से जुड़ने का कोई सवाल ही नहीं होता। वो जब भी जो बात करते हैं तो अपने देश का मजाक बनाने में विश्वास रखते हैं। ये कांग्रेस की कमी है। कांग्रेस की अपनी कमी के कारण उनकी दुर्दशा हो रही है।

वीडी बोले- सबने प्रयास किया इसलिए थर्ड फेज में अच्छा मतदान हुआ
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कल हमारा अंतिम फेज का चुनाव है। हमारे सभी कार्यकर्ता अपने काम में लगे हैं। मेरे पास दस विधायकों के नंबर आ गए जिनसे कल सुबह मुझे बात करनी है। थर्ड फेज में जो चैलेंज था वो सबके प्रयास से सफल हुआ है। थर्ड फेज में अच्छा मतदान हुआ है। सेकंड फेज में थोडा मतदान प्रतिशत कम हो गया था।

वीडी शर्मा ने कहा- कल मालवा के पूरे बेल्ट में मतदान है तो हमारे मुख्यमंत्री जी मालवा से आते हैं तो हर बूथ पर कमल खिलेगा। मालवा की आठों सीटें जीतेंगे। मप्र की 29 सीटें जीतेंगे। पिछले बार मप्र में 58 प्रतिशत वोट भाजपा को मिला था। इस बार हमें सभांवना है कि 8 से दस प्रतिशत वोट शेयर बढे़गा। जो 36 के विभाग बनाए गए थे। हर विभाग ने क्या क्या काम किए और उसका क्या परिणाम आया। इसका डॉक्युमेंटेशन होना चाहिए। चुनाव के दौरान आए अच्छे अनुभवों को बताना चाहिए।

मैंने खुद 10 विधायकों को मतदान के दिन फोन किया
वीडी शर्मा ने कहा- मैंने स्वयं पिछले थर्ड फेज में दस विधायकों से बात करने के लिए कहा था सुबह 6 बजे जब मैंने फोन उठाया तो 9 विधायकों ने तुरंत फोन उठाया था और एक का फोन बंद था कुछ देर में ही उनका कॉल बैक आया तो बताया कि वे काम में लगे हुए हैं। मतदान के दिन लोगों को घरों से निकालने का काम युवा ज्यादा करता है। युवा मोर्चा को यह काम करना चाहिए।

चौथे चरण में बीजेपी ने महिलाओं के लिए वॉर रुम शुरु किया
लोकसभा चुनाव के सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा- कल के मतदान की तैयारी के लिए सभी 36 विभागों ने पूर्व तैयारी की है। कल के चुनाव के दौरान 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने के लिए पहली बार महिलाओं के लिए वॉर रुम बनाया गया है। ताकि महिलाओं का वोट प्रतिशत बढ़े और ज्यादा से ज्यादा बहनें वोट डालने जाएं। यह वॉर रूम आठों लोकसभाओं के लिए काम करेगा।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!