चंदनपुरा नगर वन लोगों को जंगल जैसा अहसास कराएगा: अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में आम लोगों के लिए खुलेगा
चारों ओर 12 फीट ऊंची जाली, जिससे बाघ-भालू से सुरक्षित रहें
भोपाल डेस्क :
राजधानी में 50 हेक्टेयर पर तैयार चंदनपुरा नगर वन आम लोगों के लिए भी अक्टूबर के आखिर तक खुल जाएगा। सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नगर वन का ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे। नगर वन इसलिए भी खास है कि इसके चारों ओर करीब 12 फीट ऊंची जाली की फेंसिंग है। इससे यहां बाघ, भालू और अन्य वन्य प्राणी प्रवेश नहीं कर पाएंगे और यहां भ्रमण करने वाले सुरक्षित रहेंगे। नगर वन में करीब 300 प्रजातियों के पेड़-पौधे हैं।
नगर वन के भीतर वाहनों का प्रवेश नहीं हो सकेगा। यहां घूमने वालों को वाहन बाहर पार्क कर पैदल भ्रमण करना होगा। यह लोगों को जंगल जैसा अहसास कराएगा। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक- नगर वन में भ्रमण के लिए लोगों को एंट्री फीस देना होगी। यह 50 रुपए के आसपास हो सकती है। यहां नियमित आने वालों के लिए मंथली पास के माध्यम से भी प्रवेश मिलेगा। फीस कितनी होगी यह जल्द तय कर लिया जाएगा।
पॉलिथिन फ्री जोन
नगर वन में पॉलिथिन ले जाना वर्जित होगा। यहां गेट पर निर्धारित शुल्क जमा कर कपड़े का बैग मिलेगा। वापस आने पर इस बैग को वापस गेट पर लौटाकर राशि वापस ली जा सकेगी। नगर वन के भीतर आगंतुकों को पैदल जाना होगा। बाद में यहां साइकिल उपलब्ध करवाई जा सकती हैं।
अंदर छोटा तालाब, जगहों के नाम पेड़ की प्रजाति पर
नगर वन के भीतर छोटा तालाब भी है। यहां मछली और बतख पाली गई हैं। इसी के साथ कई स्थानों पर लकड़ी से हट बनाई गई हैं। इन जगहों को पेड़ों की प्रजातियों के नाम दिए गए है जैसे सागौन चौराहा, मेडसिंगी चौराहा, खैर ट्रेल्, साज ट्रेल आदि।
300 प्रजातियों के पेड़-पौधे, 50रूपए तक एंट्री फीस
पेड़ों पर क्यूआर कोड
यहां विभिन्न प्रजातियों के पेड़ पर क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं। यहां आने वाले लोग इन्हें स्कैन कर संबंधित पेड़ के बारे में जानकारी ले सकते हैं। इसी के साथ बटरफ्लाई पार्क, पतझड़ वन आदि भी हैं।
चीटियों की कॉलोनी
बारिश बाद इसे आम लोगों के लिए खोला जाएगा। यहां लोगों को पैदल भ्रमण करना होगा। भीतर दीमक और चीटियों की एक बड़ी कॉलोनी भी है। इसे भी लोग देख सकेंगे। -आलोक पाठक, डीएफओ