चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 सीटों पर वोटिंग जारी: 5 केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व क्रिकेटर, एक पूर्व सीएम मैदान में

नई दिल्ली डेस्क :
2024 लोकसभा चुनाव के चौथे फेज में आज 9 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 96 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। वोटिंग से पहले बिहार के मुंगेर में एक 1 पोलिंग एजेंट की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।
8.73 करोड़ महिलाओं सहित 17.70 करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे। कुल 1.92 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं और 19 लाख से ज्यादा अधिकारियों को तैनात किया गया है।
2019 में इन सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा ने 42, वाईएसआर कांग्रेस ने 22, बीआरएस ने 9 और कांग्रेस ने 6 सीटें जीती थीं। अन्य को 17 सीटें मिली थीं।

इस फेज में 5 केंद्रीय मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा देश के दो सबसे अमीर प्रत्याशी मैदान में हैं। आंध्र प्रदेश के गुंटूर से TDP प्रत्याशी के पास 5,705 करोड़ रुपए और तेलंगाना की चेवेल्ल सीट से भाजपा प्रत्याशी के पास 4,568 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
चुनाव आयोग के मुताबिक इलेक्शन के चौथे फेज में कुल 1,717 कैंडिडेट्स मैदान में हैं, जिनमें 1,540 पुरुष और 170 महिला उम्मीदवार हैं। इनमें महिलाएं केवल 10% हैं।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) के मुताबिक, इस फेज के 1,710 उम्मीदवारों में से 21% यानी 360 उम्मीदवार पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 476 यानी 28% उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। 24 ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है।
543 लोकसभा सीटों में तीसरे फेज तक 284 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। आज मिलाकर 380 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। बाकी 3 फेज में 163 सीटों पर वोटिंग बचेगी। 4 जून को रिजल्ट है।



