मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश में पहले चरण का प्रचार थमा: 6 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को वोटिंग, जबलपुर में CM डॉ मोहन यादव बोले- राहुल गांधी को समुद्र पार कर चुनाव लड़ना होगा

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण की 6 सीटों के लिए प्रचार बुधवार शाम 6 बजे थम गया। इन 6 सीटों- सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा पर 19 अप्रैल को मतदान होगा। इन सभी सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। बालाघाट में नक्सल प्रभावित तीन विधानसभा क्षेत्र परसवाड़ा, लांजी और बैहर में शाम 4 बजे ही प्रचार बंद हो गया था। अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर संपर्क करेंगे।

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर, मंडला और छिंदवाड़ा में सभाएं कीं। जबलपुर में सीएम ने कहा- राहुल गांधी को समुद्र पार कर चुनाव लड़ना होगा।

वहीं, कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में जनसभा की। यहां उनकी बहू और कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ की पत्नी प्रियानाथ ने कहा- सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं। सीधी में प्रत्याशियों ने पैदल जनसंपर्क किया। रामनवमी होने के चलते कई जगह उम्मीदवारों ने मंदिर जाकर पूजा-अर्चना भी की।

आखिरी दिन इन सभी 6 सीटों पर कैसा माहौल रहा, पढ़िए रिपोर्ट…

छिंदवाड़ा: शाह ने नाराज नेताओं को दी नसीहत

छिंदवाड़ा में बुधवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नाराज नेताओं को नसीहत दी। शाह ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव पार्टी के लिए अहम है। इसमें कोई कमी रहती है तो पार्टी बाद में उसका विश्लेषण कर अपना निर्णय लेगी। यहां से भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने चौरई के धनौरा में जनसभा की। रामनवमी पर आयोजित भगवान श्रीराम की शोभायात्रा में भी शामिल हुए।

प्रियानाथ बोलीं- सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं

छिंदवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पांढुर्णा के नंदनवाड़ी, बुयारी, मैनीखापा में सभाएं कीं। नकुलनाथ ने धूनी वाले दादा दरबार पहुंचकर दर्शन किए। शोभा यात्रा में शामिल हुए। तामिया के खमन्तरा में जनसभा के बाद हिंगलाज मंदिर में दर्शन किए।

नकुलनाथ की पत्नी प्रियानाथ ने प्रचार के अंतिम दिन जुन्नारदेव में नुक्कड़ सभा ली। उन्होंने कहा- आपका और हमारा संबंध 44 साल पुराना है। सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं।

बालाघाट: सीएम ने की पूजा-अर्चना, भजन गाए

बालाघाट से भाजपा प्रत्याशी भारती पारधी बालाजी मंदिर पहुंची। यहां उन्होंने सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ पूजा-अर्चना कर भजन गाए। सीएम के साथ ही चुनावी सभा भी की। यहां से सिवनी पहुंचकर शोभायात्रा में शामिल हुईं।

वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी सम्राट सिंह सरस्वार ने किरनापुर और बड़गांव में श्रीराम मंदिर में पूजा-अर्चना की। कटंगी के महकेपार में जनसभा की। बालाघाट लोकसभा सीट पर 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

मंडला: धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए प्रत्याशी

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रामनवमी होने से भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए। भाजपा के फग्गन सिंह कुलस्ते ने बिंझिया में खेरमाई मंदिर पहुंचकर पूजन किया। शोभायात्रा में भी शामिल हुए। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी ओमकार सिंह मरकाम ने चौगान की मढ़िया में माथा टेका।

फग्गन सिंह घुघरी में चुनावी प्रचार कर डिंडोरी के लिए रवाना हुए। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आमसभा को संबोधित किया। ओमकार सिंह मरकाम ने बम्हनी, नैनपुर क्षेत्र में जनसंपर्क किया।

जबलपुर: सीएम ने याद दिलाया राम मंदिर पर कांग्रेस का कटाक्ष

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रचार के आखिरी दिन जबलपुर भी पहुंचे। उन्होंने यहां भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे के दृष्टिपत्र का विमोचन किया। सीएम बोले, ‘राहुल बाबा उत्तर भारत से सीट बचा नहीं पाए। पिछले चुनाव में उत्तर प्रदेश से हारते हुए दक्षिण की तरफ चले गए। इस बार तो राहुल गांधी को केरल के बाद समुद्र पार करते हुए दूसरी जगह से चुनाव लड़ना होगा।’

उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन के बूते कांग्रेस माहौल बना रही थी, वह फेल हो गया। राहुल गांधी काे पश्चिम बंगाल में सभा के लिए जगह तक उपलब्ध नहीं करवाई गई। आप लोग याद कर लें, राम मंदिर बनते समय कांग्रेस ने क्या कहा था?

भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे ने भी पूर्व विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क किया। कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश यादव ने दोपहर 3 बजे केंद्रीय कार्यालय गढ़ा फाटक से रोड शो निकाला।

सीधी: प्रत्याशियों ने पैदल किया जनसंपर्क

सीधी में प्रत्याशियों ने रैली निकालकर लोगों से पैदल जनसंपर्क किया। बैठकों का दौर भी चला। भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्रा ने 13 जनसभा तो कांग्रेस कैंडिडेट कमलेश्वर पटेल ने 15 सभाएं लीं।

यहां शाम 5:30 बजे डॉ. मिश्रा ने कलेक्ट्रेट चौराहे से सभी वार्डों में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक रीति पाठक भी मौजूद रहीं। उधर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की मौजूदगी में हनुमानगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी ने जनसभा की। इससे पहले दोपहर में वार्डों में जनसंपर्क किया।

शहडोल: डोर-टू डोर जनसंपर्क में लगे रहे दोनों प्रत्याशी

शहडोल लोकसभा सीट पर प्रचार के आखिरी दिन बुधवार को भाजपा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह ने उमरिया और शहडोल में प्रचार किया। कांग्रेस कैंडिडेट फुंदेलाल सिंह मार्को अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ में प्रचार करते रहे।समय सीमा खत्म होने के बाद दोनों प्रत्याशी कार्यकर्ताओं के साथ डोर-टू-डोर वोट मांगते नजर आए। इस सीट पर 10 उम्मीदवार मैदान में हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!