कमलनाथ के सामने होंगे बंटी साहू- भाजपा की दूसरी सूची में 35 नाम: चुनाव समिति में सहमति बनी, 2-3 दिन में आएगी सूची

भोपाल डेस्क :
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति में मप्र की दूसरी सूची पर लगभग सहमति बन गई है। इसमें 35 नाम हो सकते हैं। छतरपुर की राजनगर सीट से घासीलाल, छिंदवाड़ा सीट से बंटी साहू का नाम लगभग तय है। छिंदवाड़ा सीट से अभी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सीएम कमलनाथ विधायक हैं। तेंदूखेड़ा (नरसिंहपुर) से सांसद राव उदयप्रताप सिंह का नाम आया है, लेकिन यह नाम दूसरी सूची में रखा जाए या नहीं, यह बाद में तय होगा।
सैलाना से संगीता चारेल है, ग्वालियर दक्षिण से नारायण सिंह कुशवाहा और लहार से अंबरीश शर्मा पर पार्टी फिर से भरोसा दिखाने जा रही है। भितरवार से कौशल शर्मा व मोहन सिंह राठौड़ का नाम आगे है। राजगढ़ से अमर सिंह यादव या प्रताप मंडलोई का नाम है। प्रमुख रूप से छिंदवाड़ा, राजगढ़, धार और झाबुआ की सीटों पर बात हुई है। पहली सूची में हारी हुई 103 सीटों में से 39 नाम पहले जारी हो चुके हैं। अब दूसरी सूची भी दो-तीन दिन में आने वाली है।दिल्ली में चुनाव समिति की बैठक बुधवार देर रात तक चली। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए।
इसके अलावाराष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, कैलाश विजयवर्गीय व नरेंद्र सिंह तोमर मौजूद रहे। कुछ नामों को लेकर गुरुवार सुबह स्थिति साफ हो जाएगी।
खिलचीपुर से हजारीलाल दांगी (दांगी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सीएम की पसंद) और अंशुल तिवारी (नरेंद्र सिंह, विजयवर्गीय व हितानंद के करीबी) में से एक नाम तय हो सकता है। नरसिंहगढ़ से राजवर्धन सिंह और बड़नगर से मुकेश पंडया का नाम है। उज्जैन से अनिल जैन कालूखेड़ा के नाम सहमति बाकी है। कालापीपल सीट में घनश्याम चंद्रवंशी का नाम था, लेकिन स्थानीय नेता के विरोध के बाद खाती समाज के राकेश वर्मा का नाम आगे आया है।
- सारंगपुर में रामलाल घटक और गौतम टेटवाल के साथ मोहन सोलंकी का नाम विचार के लिए रखा गया है।
- ब्यावरा में जगदीश पंवार, रामनारायण दांगी व नारायण सिंह पंवार और नागदा-खाचरोद सीट पर दिलीप शेखावत, मोती सिंह और तेज बहादुर के नाम हैं। इनमें से एक नाम पर सहमति बनानी है।
- उज्जैन-उत्तर सीट में अनिल जैन कालूहेड़ा (कोषाध्यक्ष) प्रबल दावेदार हैं। बुरहानपुर से अर्चना चिटनीस के नाम पर बात हुई। यहां से हर्ष सिंह भी दावेदार हैं।
- थांदला से कल सिंह भाबर, देवरी से बृजबिहारी पटेरिया, देपालपुर से मनोज पटेल का नाम आगे है।
कई सीटों पर अलग से चर्चा
प्रारंभिक तौर पर कुछ सीटों पर अलग से बात हुई है, जिनमें सेवड़ा से प्रदीप अग्रवाल या कालीचरण कुशवाहा, डबरा से इमरती देवी, बैतूल से हेमंत खंडेलवाल के नाम पर बात हुई है। डिंडोरी सीट पर अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष व पूर्व जनपद अध्यक्ष महेश धूमकेटी, गजेंद्र करचाम पर विचार हुआ।