विदिशा

Breaking news: भगवंतपुर में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, शराब ठेके के पीछे मिला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

आनंदपुर डेस्क :

आनंदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भगवंतपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव गांव में स्थित शराब ठेके के पीछे एक छोले (छोला) के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जितेन्द्र अहिरवार (उम्र लगभग 19-20 वर्ष), पिता बाबूलाल अहिरवार, निवासी ग्राम बंदीपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह खेत की ओर गए एक मजदूर ने शराब ठेके के पीछे पेड़ पर एक युवक का शव लटका देखा। इसके बाद उसने तत्काल भगवंतपुर निवासी हुकुम सिंह जादौन को इसकी सूचना दी।

हुकुम सिंह जादौन ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत आनंदपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। युवक की कम उम्र में हुई इस दुखद मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों एवं मामले की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!