Breaking news- बायपास से जा रही कार पर ट्रक पलटा, 4 की मौत: मृतकों में पति-पत्नी और बेटी भी
राजगढ़ से भिंड जा रहा था परिवार

गुना डेस्क :
गुना में मंगलवार सुबह कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक उसके ऊपर पलट गया। हादसे में कार सवार पति-पत्नी, बेटी समेत 4 लोगों की मौत हो गई। 2 गंभीर घायल हैं।
हादसा बायपास पर ढाबे के पास हुआ। राजगढ़ जिले के सारंगपुर के तारागंज का परिवार भिंड जिले के लहार में मकान के उद्घाटन कार्यक्रम में जा रहा था। परिवार के सदस्य तड़के 4 बजे कार से लहार के लिए रवाना हुए थे।सुबह 7.30 बजे गुना बायपास पर एक जेसीबी क्रॉस कर रही थी। इस वजह से ड्राइवर ने कार रोड से नीचे उतारकर खड़ी कर दी। जेसीबी क्रॉस हो जाने पर ड्राइवर ने कार को जैसे ही सड़क पर चढ़ाया, तभी पीछे आ रहा ट्रक टकराकर कार पर ही पलट गया।

SP विजय कुमार खत्री भी मौके पर पहुंचे। ट्रक में कागज की रद्दी भरी हुई थी। कमानी टूटने की वजह से ट्रक कार पर पलटा। इसके ड्राइवर और क्लीनर घटनास्थल से भाग गए।
वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी शोक जताया। उन्होंने X पर पोस्ट किया- सारंगपुर से लहार जा रहे परिवार के गुना बायपास पर सड़क दुर्घटना में चार लोगों के निधन और 2 लोगों के घायल होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। भगवान दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। घायलों को तुरंत स्वास्थ्य लाभ पहुंचाएं, ऐसी प्रार्थना है। शोकाकुल परिजनों के लिए मेरी गहरी संवेदनाएं।

ट्रक ड्राइवर ने हॉर्न तक नहीं बजाया
कार चला रहे सुमित ने बताया कि जेसीबी क्रॉस होने के बाद कार को वापस रोड पर लेकर आ रहा था, पीछ से स्पीड में ट्रक आया। ट्रक ड्राइवर ने न तो हॉर्न बजाया, न ही उसने ब्रेक लगाए। वह सीधा चला आया और गलत साइड ट्रक काट दिया। इससे ट्रक टकराते हुए कार पर पलट गया।

मूल रूप से लहार का रहने वाला है परिवार
हादसे में रामप्रकाश (40), पत्नी गीता बाई (35), बेटी रोशनी (15) और जय देवी (45) की मौत हो गई। भाई-बहन सुमित और राखी घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कैंट TI पंकज त्यागी ने बताया कि 2 की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाकी के 2 लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ा।
परिवार मूल रूप से लहार के भीकमपुर (जिला भिंड) का रहने वाला है। रामप्रकाश पोस्ट मेट्रिक छात्रावास सारंगपुर (राजगढ़) में चौकीदार थे। इसीलिए परिवार यहां रहता था। वह झमुआ (लहार, भिंड) में बुआ जमुना बाई के यहां मकान के उद्घाटन में जा रहे थे।
जयदेवी के पति हरिदास भी पोस्ट मैट्रिक छात्रावास के अधीक्षक थे। उनकी 2018 में मौत हो गई थी। उनके बेटे सुमित को उनकी जगह अनुकंपा मिलने वाली है। सुमित कुछ समय पहले ही 18 साल का हुआ है।



