BREAKING NEWS- स्कूली ऑटो पलटा, एक छात्र की मौत: 6 से ज्यादा बच्चे थे सवार; ड्राइवर पर शराब पीकर रिक्शा चलाने के आरोप

इंदौर डेस्क :
इंदौर में निजी स्कूल के बच्चों को लेकर जा रहा ऑटो पलट गया। हादसे में एक स्टूडेंट की मौत हो गई। ऑटो में 6 से ज्यादा बच्चे सवार थे। वहां मौजूद लोगों ने ऑटो को सीधा कर बच्चों को निकाला। लोगों का आरोप है कि ड्राइवर शराब पीकर गाड़ी चला रहा था।
घटना मंगलवार दोपहर को तिलक नगर क्षेत्र की है। इंदौरी स्वीट्स के सामने से सेंट अर्नाल्ड स्कूल के स्टूडेंट्स को लेकर ऑटो निकल रहा था। अचानक ऑटो पलट गया। सभी बच्चे घबरा गए। कुछ बच्चे रोने लगे। राहगीर और आसपास के लोग ऑटो के पास पहुंचे। बच्चों को निकाला।
एक छात्र के सिर में आई थी गंभीर चोट
हादसे में 15 साल के छात्र हर्षित शितोले को गंभीर चोट आई थी। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

ड्राइवर ने कहा- गाड़ी का पहिया अलग हुआ
लोगों ने आरोप लगाया कि ऑटो ड्राइवर शराब के नशे में था। काफी तेज गति से ऑटो रिक्शा चला रहा था। वहीं ड्राइवर ने बताया कि अचानक गाड़ी का पहिया अलग हो गया। पुलिस ने ऑटो रिक्शा जब्त किया है।



