BREAKING NEWS- सड़क हादसा, ट्रक ने भाई-बहन को कुचला, मौत: दमोह जाते समय ट्रक ने मारी टक्कर, ऊपर से गुजरा पहिया

न्यूज़ डेस्क :
सागर की कर्रापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में बंडा रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन को रौंद दिया। दुर्घटना में दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा बनाया। शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए हैं। वहीं दुर्घटना के बाद ड्राइवर मौके से ट्रक लेकर भाग गया।

बताया जा रहा है कि युवक और युवती बाइक क्रमांक एमपी 34 जेडसी 6142 पर सवार होकर बंडा की ओर से दमोह जा रहे थे। तभी कर्रापुर के पास ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर में बाइक सवार युवक और युवती उछलकर सड़क पर जा गिरे, तभी ट्रक का पहिया दोनों के ऊपर से निकल गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच में मृतकों की पहचान रोहित लोधी और टीना लोधी निवासी खमिरया थाना नोहटा जिला दमोह के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई-बहन होना बताए जा रहे हैं। वे बंडा से दमोह जा रहे थे। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। ट्रक की तलाश की जा रही है।



