ब्रेकिंग न्यूज़ – गोवंश की हत्या के आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चला: पुलिस ने 6 लोगों को पकड़ा था

मुरैना में गोवंश की हत्या के 2 आरोपियों के घर बुधवार को पुलिस ने बुलडोजर से ढहा दिए। पुलिस-प्रशासन का अमला बुधवार सुबह नूराबाद की बंगाली कॉलोनी पहुंचा। तीन घंटे में आरोपी जफ्फार खान और असगर खान के घर के अवैध निर्माण तोड़ दिए गए। आरोपी जफ्फार खान और असगर खान के घर का अवैध निर्माण तोड़ा गया। पुलिस ने मामले में 9 लोगों को आरोपी बनाया, इनमें से 6 को गिरफ्तार कर लिया था। तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
नूराबाद थाना प्रभारी ओपी रावत ने बताया कि बंगाली काॅलोनी में 21 जून को बजरंग दल ने एक घर में गोमांस रखा होने की शिकायत की थी। लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी जफ्फार खान, असगर खान, शम्मी, अफसर, रेतुआ, बिश्नोई, मौसम, इकरार और साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की थी। 3 दिन पहले ही मुख्य आरोपी असगर और उसके ससुर रेतुआ पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) भी लगाया गया है।
गोकशी से रोका तो जानलेवा हमला किया
21 जून को बंगाली कॉलोनी में रहने वाला दिलीप सिंह गुर्जर थाने पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि कॉलोनी के ही एक घर में कुछ लोगों ने गोकशी की है। उसने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची। घर से एक बोरी में गोमांस बरामद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में गोसेवक थाने पहुंच गए। उन्होंने यहां हंगामा कर दिया।



