न्यूज़ डेस्क

ब्रेकिंग न्यूज़- रेल हादसे में 233 की मौत: एक साथ भिड़ी तीन ट्रेनें; 900 से ज्यादा घायल

न्यूज़ डेस्क :

ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम ट्रेन हादसे में 233 लोगों की मौत हुई, जबकि 900 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। हादसा बालासोर के बहानगा बाजार स्टेशन के पास शाम करीब 7 बजे हुआ। कोलकाता से चेन्नई जा रही कोरोमंडल एक्सप्रेस और यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस बहानगा के पास डिरेल हो गईं। इसके बाद कोरोमंडल ट्रेल एक मालगाड़ी से टकरा गई।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, एक रेलवे अधिकारी ने बताया कि पहले यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस डिरेल हुई। इसके कुछ डिब्बे दूसरी पटरी पर पलटे और दूसरी तरफ से आ रही शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस से टकराए। इसके बाद कोरोमंडल ट्रेन की भी कुछ बाोगियां पटरी से उतर गईं। ये बोगियां दूसरे ट्रैक पर मालगाड़ी से भिड़ गईं। कुछ बोगियां मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गईं।

हेल्पलाइन नंबर…

इमरजेंसी कंट्रोल रूम: 6782262286
हावड़ा: 033-26382217
खड़गपुर: 8972073925, 9332392339
बालासोर: 8249591559, 7978418322
कोलकाता शालीमार: 9903370746

दोनों ट्रेनों के बहानगा पहुंचने में 3 घंटे का फर्क था, पर एक साथ आ गईं
ट्रेन नंबर 12864 बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस 1 जून को सुबह 7:30 बजे बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन से चली थी। इसे 2 जून को शाम करीब 8 बजे हावड़ा पहुंचना था। यह अपने समय से 3.30 घंटे की देरी से 6:30 बजे भद्रक पहुंची। अगला स्टेशन बालासोर था, जहां ट्रेन 4 घंटे की देरी से 7:52 पर पहुंचने वाली थी।

वहीं, ट्रेन नंबर 12841 शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस 2 जून को ही दोपहर 3:20 बजे हावड़ा से रवाना हुई थी। ये 3 जून को शाम 4:50 बजे चेन्नई सेंट्रल पहुंचती। यह अपने सही समय पर 6:37 बजे बालासोर पहुंची। अगला स्टेशन भद्रक था जहां ट्रेन को 7:40 बजे पहुंचना था। लेकिन, 7 बजे करीब दोनों ट्रेन बहानगा बाजार स्टेशन के पास से आमने-सामने से गुजरीं, तभी हादसा हुआ।

14 साल पहले भी पटरी से उतरी थी कोरोमंडल ट्रेन
3 फरवरी 2009 को ओडिशा के जजपुर जिले में ट्रैक बदलते समय कोरोमंडल एक्सप्रेस की 13 बोगियां पटरी से उतर गई थीं। हादसे में 16 लोगों की मौत हुई थी। इत्तेफाक से उस दिन भी शुक्रवार था।

इसके अलावा 15 मार्च, 2002 को दोपहर में आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में इसके सात डिब्बे पटरी से उतर गए थे। हादसे में 100 यात्री घायल हुए थे। 14 जनवरी 2012 को ओडिशा में लिंगराज स्टेशन के पास इस ट्रेन के जनरल डिब्बे में आग लगी थी।

हादसे से जुड़े प्रमुख अपडेट्स…

  • ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हादसे पर दुख जताया। कहा- मैंने अभी रेल दुर्घटना की स्थिति की समीक्षा की। कल सुबह घटनास्थल का दौरा करूंगा।
  • ओडिशा सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
  • ट्रेन दुर्घटना के बाद शनिवार को होने वाला गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का इनॉगरेशन समारोह रद्द कर दिया गया है।
  • जिला कलेक्टर, SP, रेंज IG पुलिस मौके पर 3 NDRF टीम और 20 से अधिक फायर सर्विस एंड रेस्क्यू टीम के साथ राहत और बचाव कार्य में लगे हैं।
  • भुवनेश्वर में अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर 115 एम्बुलेंस, 50 बसें और 45 मोबाइल हेल्थ यूनिट्स तैनात हैं। इसके अलावा 1200 बचाव कर्मी भी मौजूद हैं।
  • केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दुर्घटनास्थल के लिए निकल गए हैं। उन्होंने ट्वीट करके बताया कि भुवनेश्वर और कोलकाता से रेस्क्यू टीमें भेज दी गई हैं। NDRF, राज्य सरकारों की टीम और एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर्स रेस्क्यू के लिए पहुंच गए हैं।
  • 2000 से ज्यादा लोग रात भर से बालासोर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बाहर खड़े हैं, ताकि घायलों को मदद पहुंचा सकें। कई लोगों ने खून भी डोनेट किया।
  • अमेरिकी विदेश विभाग के दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो (SCA) ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना पर शोक जताया है।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने AIIMS भुवनेश्वर में घायलों के लिए बिस्तर, ICU आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।
  • हादसे वाले इस रूट की 6 ट्रेनें रद्द कर दी गईं हैं। कुछ ट्रेनों का रूट बदला गया है।

प्रधानमंत्री-रेलमंत्री ने मुआवजे का ऐलान किया


पीएम मोदी ने हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हादसे में मरने वाले लोगों के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए 2 लाख रुपए और मामूली चोट लगने वाले लोगों के लिए 50,000 रुपए देने की घोषणा की है।

ममता, राहुल ने भी दुख व्यक्त किया


पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा हम ओडिशा सरकार के साथ और दक्षिण पूर्व रेलवे के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। ओडिशा सरकार की मदद के लिए 5-6 सदस्यों की एक टीम मौके पर भेज रहे हैं।

राहुल और प्रियंका गांधी ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की कि रेस्क्यू में जितनी हो सके मदद करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!