सिरोंज से भाजपा प्रत्याशी उमाकांत शर्मा ने भरा नामांकन: 30 अक्टूबर को एक बार फिर निकालेंगे रैली, कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर भरेंगे बी फार्म

सिरोंज डेस्क :
सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी उमाकांत शर्मा ने गुरुवार को शुभ मुहूर्त में अपना नामांकन जमा किया। वे दोपहर में पार्टी के प्रमुख पदाधिकरियों के साथ तहसील परिसर पहुंचे। चुनाव निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में पहुंचकर उन्होंने रिटर्निग ऑफिसर हर्षल चौधरी को अपना नामांकन जमा किया।
30 अक्तूबर को वह सिरोंज-लटेरी विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक रूप से जुलूस के रूप में पार्टी के बी फार्म के साथ एक बार फिर अपना नामांकन जमा करेंगे। गुरुवार को नामांकन जमा करने के पहले वह देवपुर स्थित बाबा विश्वनाथ की पूजन दर्शन करने भी पहुंचे।
इस दौरान उमाकांत शर्मा ने कहा कि मैंने सदैव सच्चे मन से क्षेत्र के हमारे प्रत्येक परिवार की सेवा करने का प्रयास किया है। वचन देता हूं कि हमेशा करते रहेंगे। आज हमने नियमों का पालन करते हुए सादगीपूर्ण ढंग से अपना शुभ मुहूर्त में फार्म जमा किया है। पहले हम जिले में कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन जमा करने जाते रहें है, लेकिन इस बार स्थानीय स्तर पर फार्म जमा करने का सौभाग्य मिला है।
हमारी पार्टी संगठन के नेताओं ने निर्णय किया है कि हम सब कार्यकर्ताओं ओर नागरिकों के साथ 30 अक्टूबर सोमवार को सुबह 11 बजे एक रैली के रूप में एक बार फिर जनता जानार्दन का आशीर्वाद लेकर अपना नामांकन जमा करेंगे। इस अवसर पर विधानसभा संयोजक कैलाश शर्मा, विधानसभा चुनाव संचालक रमेश यादव, मंडल अध्यक्ष पारस तारण, पूर्व नपाध्यक्ष पदम ताम्रकार, राजेंद्र गर्ग, संतोष चौरे प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



