मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश में स्टार प्रचारकों की सभाएं चाहते हैं प्रत्याशी: भाजपा में मोदी-शाह के बाद योगी की सभी सीटों पर मांग, कांग्रेस में राहुल-प्रियंका की

भोपाल डेस्क :

भाजपा और कांग्रेस में उम्मीदवार तय होने के बाद चुनाव प्रचार चरम पर है। अब उम्मीदवार उनके पक्ष में माहौल बनाने के लिए बड़े नेताओं की सभा करवाना चाहते हैं। भाजपा में प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के बाद सभी 230 सीटों से प्रत्याशी और नेता उप्र के सीएम योगी आदित्यनाथ की सभाएं करवाना चाहते हैं।

पार्टी ने उम्मीदवारों से उनके यहां सभाओं के लिए स्टार प्रचारकों के नाम मांगे थे। रायसेन की चारों सीटों से डिमांड आई थी कि सनी देओल हैंडपंप उखाड़ते और हेमामालिनी शोले के डायलॉग बोलते हुए दिखें। फिलहाल फिल्मी सितारों की बुलाने पर आमराय नहीं बन पा रही है। बतौर सांसद मनोज तिवारी जरूर आएंगे।

भिंड, ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, विदिशा में उम्मीदवार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सभाएं करवाना चाहते हैं, खासतौर पर जहां क्षत्रिय बहुतायत में हैं। महाराष्ट्र से लगे जिलों खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की डिमांड है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा शर्मा, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर की भी डिमांड आई है। रामदास आठवले की मांग एससी-एसटी आरक्षित सीटों पर है।

28 तक सौंपना है सूची : राजनीतिक दलों को स्टार प्रचारकों की सूची 28 अक्टूबर तक चुनाव आयोग को सौंपना है। भाजपा-कांग्रेस में सूची के लिए बैठक हो चुकी है। स्टार प्रचारकों का चुनाव आयोग से अनुमोदन होने के बाद जो नाम सूची में होते हैं उनका खर्चा उम्मीदवार के बजाय पार्टी के खाते में जोड़ा जाता है।

प्रियंका की 28 को छठी सभा… राहुल का फोकस छत्तीसगढ़-राजस्थान पर भी

1 कांग्रेस के सभी प्रत्याशी प्रियंका और राहुल की सभाएं चाहते हैं। प्रियंका की 28 को मप्र (छतरपुर) में छठी सभा है। राहुल का फोकस छग, राजस्थान पर भी है। एससी-एसटी की 89 सीटों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की डिमांड है। सोनिया गांधी की मांग बहुत है पर वे स्वास्थ्य कारणों से नहीं आ सकतीं।

2 पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की सभा हर एक प्रत्याशी करवाना चाहता है। कांग्रेस की सदस्य होने के नाते नगमा की सभाएं कराए जाने की भी मांग आई है। ग्वालियर-चंबल, मालवा और निमाड़ में सचिन पायलट की सभाएं कराए जाने की डिमांड है। इसके अलावा नवजोत सिंह सिद्धू की सभाएं भी होंगी।

3 दिग्विजय सिंह की संगठन में नेताओं के बीच डिमांड आई है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल की सभाएं भी कांग्रेस उम्मीदवारों ने आयोजित कराए जाने की डिमांड की है। लेकिन, साथ चुनाव होने की वजह से दोनों मुख्यमंत्री अपने राज्यों में व्यस्त हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!