मध्यप्रदेश में दो सप्ताह में प्रत्याशी घोषित कर सकती भाजपा: योगी, भजनलाल, खट्टर कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र

न्यूज़ डेस्क :
भाजपा मप्र में 29 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए अपने जमीनी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने बड़े नेताओं के कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इसी के तहत राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल मंगलवार को मुरैना लोकसभा में पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के चलते पार्टी के केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री क्लस्टर मुख्यालयों में बूथ स्तरीय सम्मेलन, सामाजिक सम्मेलन और प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे।
मार्च के दूसरे सप्ताह में आचार संहिता प्रभावी होने की संभावना है। इससे पहले क्लस्टर मुख्यालयों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचेंगे। इसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भिंड, ग्वालियर या गुना में से किसी एक लोकसभा क्षेत्र में पहुंचेगे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र के लोकसभा क्षेत्रों में दस्तक देंगे।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़नवीस, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय, गुजरात के सीएम भूपेंद्र भाई पटेल, असम के सीएम हेमंत बिस्वा शर्मा, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत समेत एक दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्रियों के लगातार दौरे होंगे। सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में मप्र समेत पड़ोसी राज्यों के कैबिनेट और राज्यमंत्री पार्टी की बैठकें लेने पहुंचेंगे। एक सप्ताह के भीतर यह बैठकें शुरू हो जाएंगी।
छिंदवाड़ा समेत खाली पांच सीटों पर हो चुकी है रायशुमारी: प्रदेश में एकमात्र हारी हुई सीट छिंदवाड़ा और विधानसभा चुनावों में विधायक चुने गए 5 सांसदों की खाली हुई सीटों पर पार्टी पूर्व में ही रायशुमारी कर चुकी है, इनमें मुरैना, दमोह, होशंगाबाद, सीधी और जबलपुर शामिल हैं।
इन्हें भेजा रायशुमारी के लिए
विश्वास सारंग को भिंड, प्रहलाद पटेल को ग्वालियर, कृष्णा गौर को गुना, नारायण सिंह कुशवाह को सागर, प्रद्युम्न तोमर को टीकमगढ़, भगवानदास सबनानी को सतना, तुलसी सिलावट को रीवा, नागर सिंह चौहान को शहडोल, दिलीप अहिरवार को सीधी, हेमंत खंडेलवाल को इंदौर, गोविंद राजपूत को खरगोन, रजनीश अग्रवाल को झाबुआ सीट पर रायशुमारी के लिए भेजा गया।
3-3 नामों की पैनल सौंपी
इंदाैर में जावरा कंपाउंड स्थित पार्टी कार्यालय पर देर शाम तक रायशुमारी चली। पर्यवेक्षक के ताैर पर वरिष्ठ नेता हेमंत खंडेलवाल, यशपालसिंह सिसाैदिया व विधायक तेज बहादुर सिंह पहुंचे। तीनाें ने सबसे पहले देपालपुर, फिर सांवेर और उसके बाद राऊ के अपेक्षित कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी की। ग्रामीण क्षेत्राें के बाद शाम काे नगर की रायशुमारी हुई।
इसमें सांसद शंकर लालवानी, विधायक मालिनी गाैड़, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, गाेलू शुक्ला और नगर अध्यक्ष गाैरव रणदिवे सहित कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता माैजूद थे। अपेक्षित कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हाेंने अपनी पसंद के नाम लिखे हैं। यह बात भी सामने आई कि 90% ने 6-7 नामाें काे पहली व दूसरी प्राथमिकता दी है।



