ग्वालियर

हत्या में बड़ा खुलासा देवरानी-जेठानी ने मिलकर की थी सास की हत्या: घर के अंदर से पीटा, घसीटकर बाहर लाए फिर बरसाए डंडे और पत्थर; तीन गिरफ्तार

ग्वालियर डेस्क :

ग्वालियर में बुजुर्ग की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। देवरानी-जेठानी में मिलकर महिला की पीट-पीट कर हत्या की थी। रविवार को वारदात का वीडियो सामने आया। दोनों ने अपनी सास पर बेरहमी से डंडे और पत्थर बरसाए। पास ही खड़ा बड़ा बेटा मां को मारने के लिए उकसा रहा था। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया था।

अब पुलिस ने देवरानी-जेठानी, बड़ा बेटे व छोटी बहू के पिता व दो भाइयों पर हत्या का केस दर्ज किया है। बड़ी बहू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि 7 मार्च को आंतरी थाना क्षेत्र के पीपरीपुरा में मुन्नी देवी (65) की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतका की छोटी बहू चंदा, उसके पिता अमर सिंह और बेटों अजय, विजय को आरोपी बनाया था।

शुक्रवार को पुलिस ने दतिया में दबिश देकर अमर सिंह और विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया था।

VIDEO सामने आते ही बड़ी बहू भी गिरफ्तार

ASP देहात निरंजन शर्मा ने बताया कि रविवार को घटना का वीडियो सामने आया। वीडियो में मुन्नी देवी की बड़ी बहू सावित्री और छोटी बहू चंदा मिलकर बेरहमी से पिटाई करते दिख रहे हैं। वीडियाें में दिख रहा है कि दोनों बहू पहले घर के अंदर पत्थर और डंडे से बुजुर्ग को जमकर पीटते हैं। इसके बाद घसीटते हुए घर के बाहर लाते हैं। बाहर भी जमकर लात-घूंसे मारे। महिला लगातार छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन एक नहीं सुनी। इस दौरान मुन्नी देवी का बड़ा बेटा धर्मेंद्र भी मौजूद था। इस दौरान धर्मेंद्र, छोटी बहू व उसके परिजन सहयोग कर रहे थे।

सास-बहू में टशन बनी वजह

जांच में पता चला कि मुन्नी और सावित्री के बीच पटती नहीं थी। दो साल पहले सावित्री ने सास की मारपीट की थी। उसके सिर में 7 टांके आए थे। इसके बाद मुन्नी देवी ने सावित्री को घर से अलग कर दिया था। कुछ दिन बाद छोटे बेटे रवि की शादी दतिया की रहने वाली चंदा कुमारी से कर दी थी। ससुराल आने के बाद देवरानी-जेठानी के बीच अच्छे संबंध हो गए थे। मुन्नी को दोनों की बातचीत पसंद नहीं थी। वह चंदा को परेशान करने लगी।

बात बढ़ गई, तो 5 मार्च 2024 में चंदा ने अपने पिता अमर सिंह, भाई अजय व विजय को बुलाया। मामले में अमर सिंह पंचायत करने आया था। बातचीत के दौरान मुन्नी देवी विरोध कर रही थी, तभी बड़ी बहू सावित्री और बड़ा बेटा भी आ गए। यहां विवाद होने लगा। गुस्से में सावित्री ने सास की डंडों से मारपीट कर दी। इस दौरान, धर्मेन्द्र अपनी पत्नी की मदद कर रहा था। चंदा और उसके परिजन उनका मनोबल बढ़ा रहे थे।

पुलिस ने कराया था भर्ती, अस्पताल में मौत

बताया जाता है कि गांव वालों के सामने पूरी घटना हुई, लेकिन किसी ने भी पुलिस को सूचना नहीं दी। छोटी बहू चंदा ने उसी दिन आंतरी थाने आवेदन दिया। इसमें ससुराल से सामान वापस दिलाने की मांग की।

कहा- सास ने उसे घर से निकाल दिया है। शाम को पुलिस गांव पहुंची, तो वहां मुन्नी देवी को गंभीर हालत में देख ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान 7 मार्च को दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने चंदा, उसके पिता अमर सिंह व दो भाइयाें विजय और अजय पर हत्या का मामला दर्ज किया। वीडियो सामने आने के बाद बड़ी बहू सावित्री व उसके पति धर्मेन्द्र को भी आरोपी बनाया है।

अब तक तीन गिरफ्तार, तीन फरार

सीएसपी अशोक सिंह जादौन ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद मामले में बड़ी बहू सावित्री, बेटे धर्मेंद्र को भी आरोपी बनाया है। अब मामले में छह आरोपी हो गए हैं। इसमें बड़ी बहू सावित्री, छोटी बहू का पिता अमर सिंह, भाई विजय को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन आरोपी फरार हैं। शाम को तीनों रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!