आज रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा: 368 बसों में रात 9 बजे तक नहीं लगेगा किराया
भोपाल में 30 अगस्त को सिटी बस में फ्री सफर
भोपाल डेस्क :
राजधानी भोपाल में रक्षाबंधन पर महिलाओं को ‘शहर सरकार’ ने बड़ा तोहफा दिया है। 30 अगस्त, बुधवार को महिलाएं रेड यानी, सिटी बसों में पूरे दिन फ्री में सफर कर सकेंगी। वे कुल 368 बसों में कहीं भी बगैर रुपए दिए आना-जाना कर सकती हैं।
भोपाल में BCLL (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) महिलाओं-युवतियों को फ्री में बस सेवा देगी। सुबह 6 से रात 9 बजे तक महिलाएं और युवतियां बसों में सफर कर सकेंगी। शहर के अलावा महिलाएं बसों से मंडीदीप, भोजपुर तक आना-जाना कर सकेंगी। महापौर मालती राय ने यह घोषणा की है। पिछले साल भी रक्षाबंधन पर यह सुविधा दी गई थी।

24 रूट पर दौड़ती हैं बसें
भोपाल के 25 रूट पर कुल 368 बसें चलती हैं। पिछले साल की तुलना में 95 बसें बढ़ी हैं। सभी सीएनजी बसें हैं। ये बसें शहर के सभी एरिया को कवर करती हैं। बैरागढ़ के पास चिरायु हॉस्पिटल से लेकर अवधपुरी, न्यू मार्केट, अयोध्या बायपास, करोंद, एमपी नगर, मिसरोद, मंडीदीप, भोजपुर, होशंगाबाद रोड, कटारा हिल्स, बैरागढ़ चिचली, कोलार रोड, गांधीनगर, बंगरसिया, रायसेन रोड, लांबाखेड़ा, नारियलखेड़ा, भौंरी समेत अधिकांश शहरी इलाकों में चलती है।
भोपाल में इन रूटों पर चलेगी बसें
| रूट नंबर | कहां से कहां तक | इतनी बसें |
| SR-2 | कटारा हिल्स से नेहरू नगर | 19 |
| SR-4 | बैरागढ़ चिचली से करोंद | 25 |
| SR-5 | अवधपुरी से चिरायु हॉस्पिटल | 23 |
| SR-8 | बैरागढ़ चिचली से कोच फैक्टरी | 31 |
| TR-1 | आकृति से चिरायु हॉस्पिटल | 33 |
| TR-4 | चिरायु हॉस्पिटल से मंडीदीप | 20 |
| TR-4 B | गांधीनगर से मंडीदीप (वर्धमान) | 26 |
| 113 | TB अस्पताल से AIIMS | 08 |
| 115 | गांधीनगर से अयोध्या नगर | 17 |
| 116 | बंगरसिया से पुतलीघर | 14 |
| 204 | भौंरी से मंडीदीप | 16 |
| 208 | कोकता से लालघाटी | 26 |
| 303 | अयोध्या नगर से रंगमहल | 08 |
| 304 | नादरा से नीलबड़ | 12 |
| 306 | एम्स से लालघाटी | 12 |
| 307 | रानी कमलापति से ओरिएंटल कॉलेज | 09 |
| 309 | अर्चना होम्स से लांबाखेड़ा | 08 |
| 311 | नरियलखेड़ा से एलएनसीटी कॉलेज | 02 |
| 106 | राजा भोज एयरपोर्ट से मिसरोद | 02 |
| 402 | कजलीखेड़ा से आईएसबीटी | 10 |
| 403 | सूखी सेवनिया से नेहरू नगर | 04 |
| 404 | मुबारकपुर चौराहा से कटारा हिल्स | 15 |
| 406 | चिरायु हॉस्पिटल से सेम कॉलेज | 10 |
| 413 | सैर सपाटा से ट्रांसपोर्ट नगर | 18 |
एक दिन में डेढ़ लाख यात्री करते हैं सफर
भोपाल में सिटी बसों में एक दिन में डेढ़ लाख से ज्यादा लोग सफर करते हैं। इनमें 40% तक यानी, करीब 60 हजार महिला यात्री शामिल हैं। नौकरीपेशा के अलावा स्टूडेंट्स भी बसों से आना-जाना करते हैं। किराये के रूप में उन्हें न्यूनतम 7 और अधिकतम 42 रुपए लगते हैं। सभी बसों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और कैमरे लगे हैं। सफर करते समय कोई भी शिकायत हो तो महिलाएं कॉल सेंटर नंबर- 9752399966 पर संपर्क कर सकती हैं।



