केंद्र सरकार की बड़ी सौगात 10 मीटर चौड़ी होगी गुना-फतेहगढ़ रोड: राजस्थान से बढ़ेगी कनेक्टिविटी; अभी केवल 5.5 मीटर है

गुना डेस्क :
बमोरी इलाके में स्थित गुना-फतेहगढ़ मार्ग अब चौड़ा किए जानेकी तैयारी है। अब तक 5.5 मीटर चौड़ी इस सड़क पर चौड़ीकरण का कार्य कर इसे 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। यहां डेढ़ मीटर के शोल्डर भी बनाए जाएंगे। यह जानकारी केन्द्रीय नागरिक उड्यन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर से सामने आई है।
उन्होंने बताया कि जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए केन्द्र सरकार से गुना-फतेहगढ़ मार्ग को 10 मीटर चौड़ा कर डबल लेन का रूप देने का मेरा आग्रह अब सार्थक सिद्ध हो रहा है। उल्लेखनीय है कि गुना होकर राजस्थान राज्य के लिए बड़े, मध्यम व छोटे वाहनों का आवागमन इसी मार्ग से होता है,लेकिन बड़े वाहनों को निकालते समय दिक्कत व सड़क की कम चौड़ाई के कारण क्रॉस होते समय कई बार वाहनों के फंस जाने के कारण मार्ग पर आवागमन अवरूद्ध हो जाता है। इसी को देखते हुए सिंधिया के आग्रह को स्वीकार कर गुना-फतेहगढ़ मार्ग का चौड़ीकरण कर इसे 10 मीटर का बनाने और डबल लेन के रूप में स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इससे वाहनों के सुरक्षित आवागमन के साथ-साथ राजस्थान से गुना होकर चंदेरी तक जाने वाले पर्यटकों को भी सुविधा होगी।
वरिष्ठ भाजपा नेता योगेंद्र लुम्बा ने बताया कि गुना के पास श्रीराम टेकरी पर स्थापित होने जा रही प्रभु श्री राम की 108 फूट ऊंची प्रतिमा देखने के लिए आने वाले धार्मिक पर्यटकों को भी अब सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसके अलावा आचार संहिता लगने के पहले ही ना केवल गुना व शिवपुरी से 19 सीटर यात्री वायुयानों की सुविधा प्रारंभ करने के लिए 45-45 करोड रूपये से नये हवाई अड्डे बनाने के लिए राशि मंजूर कर चुके हैं बल्कि उन्होंने इस दौरान गुना में कृषि महाविद्यालय की स्थापना को भी सीएम से मंजूरी दिला दी है।



