केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे का एक और वीडियो आया सामने: इस बार एक एजेंट से 500 करोड़ की डील पर होते दिखी बात

भोपाल डेस्क :
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने से पहले केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर का एक और VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें वह किसी से 500 करोड़ की डील पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। हालांकि इस VIDEO पर भाजपा से कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है और फैक बताया है। इससे पहले भी एक VIDEO इसी तरह वायरल हुआ था जिसमें 100 करोड़ रुपए की बात हो रही थी। इस पर कांग्रेस का आरोप है कि करोड़ों रुपए के लेनदेन का जिक्र होने के बाद भी न तो ईडी का पता है न ही इनकम टैक्स विभाग कोई एक्शन ले रहा है। केन्द्रीय मंत्री तोमर के बेटे का लगातार दूसरा VIDEO वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा गर्म हो गई है। लगातार सामने आ रहे VIDEO से केन्द्रीय मंत्री के चुनाव व भाजपा को नुकसान होने की आशंका है।
सोशल मीडिया पर वायरल VIDEO को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक का कहना है कि 50 प्रतिशत कमीशन और शिवराज सिंह चौहान तो एक-दूसरे के पर्याय बन ही चुके थे। अब केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर के लगातार वायरल हो रहे VIDEO इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण दे रहे हैं कि 50 प्रतिशत कमीशन के साथ-साथ ‘काला-धन’ भी भाजपा नेताओं का पर्याय बन चुका है। सोमवार को सामने आए केन्द्रीय मंत्री के बेटे देवेंद्र तोमर के नए VIDEO में 500 करोड़ की हवाला डीलिंग की बात हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जो इस चुनाव में दिमनी से भाजपा प्रत्याशी भी हैं, उनके बेटे देवेंद्र तोमर का एक VIDEO कुछ दिन पहले वायरल हुआ। इस VIDEO में वो बड़ी आसानी से 100 करोड़, 39 करोड़, 21 करोड़, 18 करोड़ रुपए की लेन-देन की बात करते हुए प्रतीत हो रहे थे। इस वीडियो में देवेंद्र लखनऊ के एक बिचौलिए के जरिए माइनिंग कारोबारियों से काला धन लेने के लिए मल्टीपल बैंक अकाउंट के बंदोबस्त की बात करते हुए दिख रहे थे।
नए VIDEO में चंडीगढ़ से रुपए ट्रांसफर की बात की है
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस नए VIDEO में चंडीगढ़ से पैसे ट्रांसफर करने की बात होती दिख रही है। बिचौलिया कह रहा है कि हर महीने सीए बताएगा कि 50 करोड़ आने हैं या 100 करोड़ आने हैं या 500 करोड़ आने हैं। इस VIDEO में मंत्री का बेटा बहुत ही आसान लहजे में ओके या ”ठीक है, नो प्रॉब्लम” कहते हुए प्रतीत हो रहा है फिर वो पूछते हैं कि पहले महीने में कितना आएगा और बिचौलिया कहता है 250 करोड़। बिचौलिए से कहते हैं कि तुम अपने अकाउंट में ले लो और वो कहता है कि 50 प्रतिशत इक्विटी स्टेक अपने पास रखिए।



