गेर के बीच एंबुलेंस को मिला रास्ता: महाकाल मंदिर से रंगपंचमी उत्सव की शुरुआत; मुरैना के जुलूस में मतदान के लिए शपथ

इंदौर डेस्क :
मध्यप्रदेश में रंगपंचमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। उज्जैन से लेकर इंदौर, भोपाल और रतलाम समेत प्रदेशभर में जमकर रंग-गुलाल उड़ा। लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाया। बधाई दी और होली के गीतों पर जमकर थिरके।

रंगपंचमी पर्व की शुरुआत उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से हुई। सबसे पहले भगवान महाकाल की भस्म आरती की गई। बाबा महाकाल को एक लोटा केसरयुक्त जल अर्पित किया गया। उनका भांग, चंदन और सूखे मेवे से श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं को जांच के बाद ही मंदिर में प्रवेश दिया गया।

इंदौर में निकली परंपरागत गेर
इंदौर में परंपरागत गेर निकली। इस दौरान ऐतिहासिक राजवाड़ा पर हजारों की संख्या में लोग उमड़े। यहां जमकर रंग-गुलाल उड़ा। लोगों पर टैंकर से पानी की बौछार की गई।

सबसे पहले मॉरल क्लब की गेर ने राजवाड़ा की ओर मूव किया। इसके बाद रसिया गेर, फिर हिंद रक्षक और आखिरी में संगम कॉर्नर की गेर राजवाड़ा पहुंची। हिंद रक्षक की गेर में राम मंदिर की झांकी नजर आई।
इंदौर में 10 ड्रोन और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से गेर के रूट की निगरानी की गई। खास बात यह है कि गेर खत्म होते ही नगर निगम की टीम ने फौरन साफ-सफाई अभियान शुरू कर दिया।

भोपाल में निकले हुरियारों के जुलूस
भोपाल में हुरियारों के 3 बड़े जुलूस निकल रहे हैं। हुरियारे ढोल-नगाड़ों के साथ निकले। इस दौरान उन पर रंग-गुलाल की बरसात की गई। हुरियारे होली के गीतों पर थिरकते चल रहे थे।
उधर, मुरैना में रंगपंचमी का जुलूस मतदाता जागरुकता रैली के रूप में निकाला गया। इसमें लोगों को वोट करने की शपथ भी दिलाई गई।



