29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी से वैभव सूर्यवंशी बने जीत के हीरो, 47 रन से जीतकर राजस्थान रॉयल्स क्वालीफायर-2 में पहुंची

खेल डेस्क :
मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। अब क्वालीफायर-2 में राजस्थान का मुकाबला 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में गुजरात टाइटंस से होगा। इस मैच की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से फाइनल खेलेगी।

राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर विशाल 243 रन बनाए। टीम को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 7.6 ओवर में पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़ दिए। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 334.48 रहा। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 29 रन बनाए। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों में 50 रन ठोककर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान रियान पराग ने 12 गेंदों में 26 रन और रविंद्र जडेजा 12 रन बनाकर नाबाद लौटे।

हैदराबाद की ओर से प्रफुल्ल हिंगे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 54 रन देकर 3 विकेट लिए। ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार और नीतीश रेड्डी को 1-1 विकेट मिला, जबकि कप्तान पैट कमिंस बेहद महंगे साबित हुए और 4 ओवर में 64 रन खर्च कर बैठे।
244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा को शून्य पर आउट कर राजस्थान को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद ईशान किशन (33) और ट्रेविस हेड (17) भी जल्दी पवेलियन लौट गए। नीतीश रेड्डी ने 38 और सलिल अरोड़ा ने 35 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ऑलआउट हो गई।

राजस्थान की गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर सबसे प्रभावशाली रहे। उन्होंने 4 ओवर में 58 रन देकर 3 विकेट झटके। नांद्रे बर्गर, रविंद्र जडेजा और सुशांत मिश्रा ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि यश पुंजा को 1 सफलता मिली।
मैच का सबसे यादगार पल तब आया जब सुशांत मिश्रा ने शिवांग कुमार का विकेट लेकर हैदराबाद की पारी खत्म की और वैभव सूर्यवंशी ने शानदार कैच पकड़कर राजस्थान की जीत पर मुहर लगा दी। राजस्थान रॉयल्स की इस जीत ने फैंस में जबरदस्त उत्साह भर दिया है।
स्कोर बोर्ड


