एक ओवर में छह छक्के: 35 गेंदों में शतक; कुशल भुर्तेल ने रचा नया इतिहास

खेल डेस्क :
नेपाल के स्टार सलामी बल्लेबाज कुशल भुर्तेल ने चीन के खिलाफ खेले गए पुरुष क्रिकेट क्वालिफायर मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाजी कर नया इतिहास रच दिया। भुर्तेल ने एक ही ओवर में लगातार छह छक्के जड़ते हुए मात्र 35 गेंदों में शतक पूरा किया और अपनी टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम को भुर्तेल ने तूफानी शुरुआत दिलाई। उन्होंने चीन के गेंदबाज चेन झुओ यूए के एक ओवर की छहों वैध गेंदों पर छह छक्के लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के आगे चीनी गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
भुर्तेल ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 12 छक्के और 4 चौके लगाए। उन्होंने केवल 35 गेंदों में शतक पूरा कर क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया। उनकी इस यादगार पारी की बदौलत नेपाल का कुल स्कोर 300 रन के पार पहुंच गया और टीम ने मुकाबले में मजबूत पकड़ बना ली।
इस उपलब्धि के साथ भुर्तेल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा हर्षिल गिब्स, युवराज सिंह, किरोन पोर्लड, जसकरण मल्होत्रा और दीपेंद्र सिंह ऐरी कर चुके हैं।

भुर्तेल की इस ऐतिहासिक पारी ने नेपाल क्रिकेट को भी विशेष उपलब्धि दिलाई है। नेपाल दुनिया का पहला देश बन गया है, जिसके दो अलग-अलग बल्लेबाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। यह उपलब्धि नेपाल क्रिकेट के लगातार बढ़ते स्तर और उसके खिलाड़ियों की प्रतिभा का प्रमाण मानी जा रही है।


