विदिशा

ब्रेकिंग न्यूज़:- ट्रैक्टर-टॉली पलटने से 2 की मौत, 20 घायल मूंग कटाई पर जा रहे मजदूरों से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी, बच्चों समेत कई घायल; गांव में पसरा मातम

विदिशा डेस्क :

कुरवाई थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान और मजदूर की मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत 20 लोग घायल हो गए। हादसा बीना रोड पर लायरा और मलियाखेड़ा गांव के बीच उस समय हुआ, जब मूंग की फसल कटाई के लिए जा रहे प्रवासी मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-टॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण राहत कार्य में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। हादसे की सूचना मिलते ही कुरवाई थाना प्रभारी आरके मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से कुरवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।


डॉक्टरों ने 55 वर्षीय किसान ऋषभ साहू उर्फ ऋषि तथा उमरिया निवासी 65 वर्षीय मजदूर दरबारी कोल को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय दिव्या कोल और 35 वर्षीय रजनी कोल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। अन्य 18 घायलों का इलाज कुरवाई स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर-टॉली के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!