विदिशा

बेतवा घाट पर गंगा दशहरा का भव्य आयोजन: मंत्री सारंग ने किया श्रमदान-बोले- नदियों का संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी, स्वच्छता और पौधरोपण का दिया संदेश

विदिशा डेस्क :

विदिशा। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर विदिशा जिले की बेतवा नदी के बड़ वाले घाट पर जिला स्तरीय कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और जनभागीदारी के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने विधि-विधान से बेत्रवती मैया का पूजन-अर्चन कर आरती उतारी तथा चुनरी अर्पित कर नदी संरक्षण का संदेश दिया।


कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति राकेश शर्मा, श्री मनोज कटारे, कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
मंत्री सारंग ने कहा कि नदियां हमारी संस्कृति और जीवन का आधार हैं तथा उनका संरक्षण और संवर्धन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान के परिणामस्वरूप आज समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और सभी लोग सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं।


कार्यक्रम के दौरान मंत्री सारंग सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने बेतवा नदी तट पर श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया। नदी में फैली गंदगी हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया तथा उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। घाट परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें मंत्री सारंग ने पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


मंत्री सारंग ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को जल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए जल संरचनाओं का संरक्षण और संवर्धन बेहद आवश्यक है। उन्होंने बेतवा उत्थान समिति की सराहना करते हुए कहा कि समिति पिछले 23 वर्षों से लगातार बेतवा नदी की सफाई और संरक्षण कार्य में जुटी हुई है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण, नदी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा। जनसहभागिता से आयोजित इस अभियान ने समाज को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!