रायसेन

आनंदपुर में 5वीं-8वीं का शानदार, 9वीं-11वीं का मिला-जुला रिजल्ट: सख्ती से परीक्षा कराने का दिखा असर

आनंदपुर डेस्क:

एमपी बोर्ड द्वारा नवीन कक्षाओं के साथ 5वीं और 8वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। इसी क्रम में पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आनंदपुर और शासकीय मिडिल स्कूल आनंदपुर का परीक्षा परिणाम सामने आया है। इस बार परिणाम ने जहां प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर संतोषजनक प्रदर्शन दिखाया, वहीं 9वीं और 11वीं के परिणाम ने सुधार की जरूरत भी उजागर की है।
पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आनंदपुर में कक्षा 9वीं का परीक्षा परिणाम 31.01 प्रतिशत तथा कक्षा 11वीं का परिणाम 59 प्रतिशत रहा। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राजेश मीना ने बताया कि कक्षा 9वीं में 151 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि कक्षा 11वीं में विभिन्न विषयों के कुल 202 विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे। उन्होंने कहा कि इस बार परीक्षा पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ कराई गई। परीक्षा कक्षों में नकल या किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती गई।

प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य केवल प्रतिशत बढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वास्तविक शैक्षणिक क्षमता को मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अभी से बच्चों की बुनियाद मजबूत होगी, तभी वे आगे बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे। इसी सोच के साथ इस बार परीक्षा अनुशासन और ईमानदारी से संपन्न कराई गई।

वहीं शासकीय मिडिल स्कूल आनंदपुर का परिणाम उत्साहजनक रहा। यहां कक्षा 5वीं का परीक्षा परिणाम 91 प्रतिशत और कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम 73 प्रतिशत दर्ज किया गया। विद्यालय के शिक्षक घनश्याम कुशवाहा ने बताया कि विद्यालय का रिजल्ट संतोषजनक रहा है, लेकिन आने वाले समय में इसे और बेहतर बनाने के लिए विशेष शैक्षणिक प्रयास किए जाएंगे। कमजोर विद्यार्थियों पर अलग से फोकस कर उनकी तैयारी को मजबूत किया जाएगा।

परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालयों में विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल रहा। शिक्षकों ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं, वहीं कम अंक पाने वाले छात्रों को निराश न होकर आगे और मेहनत करने की सलाह दी। शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि ईमानदार परीक्षा और नियमित अध्ययन ही बेहतर परिणाम की असली कुंजी है।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!