कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी बोले-जितना बड़ा झटका, उतनी बड़ी कामयाबी मिलती हैं। जीतू ने याद दिलाया बीजेपी का घोषणा पत्र

भोपाल डेस्क :
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, ‘हम विधानसभा चुनाव में हारे जरूर हैं लेकिन जितना बड़ा झटका लगता है, उतनी बड़ी कामयाबी मिलती है। लोकतंत्र में जीत-हार होती रहती है। हमारे सामने चुनौती है- लोकसभा चुनाव की। हमारे सामने चुनौती है- जनता को भाजपा के कुशासन का अहसास कराने की। हार से हताश होने की जरूरत नहीं है। विपक्ष में रहकर हम सेवा कैसे करें, इस भावना को अंतर्मन में रखना है। हम प्रदेश के विकास के लिए सकारात्मक विपक्ष का काम करेंगे।
उन्होंने यह बात भोपाल स्थित पीसीसी दफ्तर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। वे बैरागढ़ से रोड शो करते हुए प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
पटवारी सुबह इंदौर से निकले थे। उज्जैन में उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए। यहां से देवास पहुंचे। उज्जैन से देवास के रास्ते में उनका कई जगह स्वागत किया गया। देवास में समर्थकों ने पटवारी पर जेसीबी से फूल बरसाए। रैली भी निकाली गई, जो तहसील चौराहे से नाहर दरवाजा होते हुए भोपाल चौराहा पहुंची। इसके बाद पटवारी का काफिला सीहोर होते हुए भोपाल के लिए रवाना हुआ।

नेहरू जी की तस्वीर लगी रहती तो भाजपा को क्या हो जाता
पीसीसी चीफ ने विधानसभा से पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर हटाने पर भाजपा को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा- आज पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर मध्यप्रदेश की विधानसभा से हटाई गई और बाबासाहेब अंबेडकर की तस्वीर लगाई गई। बाबासाहब की तस्वीर लगाई गई, इसका हम स्वागत करते हैं।
एक थे आजादी के नायक महात्मा गांधी, जिनकी तस्वीर वहां लगी थी। एक थे बाबासाहब अंबेडकर, जो संविधान के निर्माण में सबसे बड़ी प्रेरणा थे। एक थे नेहरू, जिन्होंने भारत का निर्माण किया..भारत की आजादी के लिए कई सालों तक जेल में रहे। अगर तीनों तस्वीरें लगतीं तो भारतीय जनता पार्टी को क्या हो जाता? हम भाजपा की इस नफरत और घृणा की राजनीति के खिलाफ लगातार खड़े रहेंगे।

कांग्रेस की आइडियोलॉजी प्रेम और त्याग की
पटवारी ने कहा- कांग्रेस की आइडियोलॉजी प्रेम-मोहब्बत और त्याग की आइडियोलॉजी है। वसुधैव कुटुंबकम की आइडियोलॉजी है। इसमें इंसानियत की रक्षा की बात है। त्याग करने की भावना है। हम इसी पर चलेंगे।
उन्होंने आगे कहा- मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि भारतीय जनता पार्टी अगर जनवरी के अंत तक अपने वचनों को पूरा नहीं करेगी तो भोपाल में दो लाख लोगों की रैली इनको वादे याद दिलाने के लिए हम करेंगे। जनभावना को ध्यान रखते हुए हर जिले में ऐसी रैली की जाएगी।

शिवराज भैया चले गए, जीतू भैया आ गए
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- शिवराज भैया चले गए हैं। जीतू भैया और ये सारे भैया यहीं खड़े हैं। अब हम बहनों की रक्षा करेंगे। इन लाड़ली बहनों को 3 हजार रुपए देने के लिए बीजेपी को मजबूर करेंगे। यही हमारा संकल्प है।
पटवारी के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, विधायक जयवर्धन सिंह, रामनिवास रावत, अभय मिश्रा, विजय चौरे, सिद्धार्थ कुशवाह, अभिजीत शाह, राजेंद्र भारती, फुंदेलाल मार्को, रामलाल मालवीय के साथ शोभा ओझा, अर्चना जायसवाल, निशा बांगरे समेत कई पार्टी नेता मौजूद रहे।




