आज सिर्फ सीएम और दो डिप्टी सीएम लेंगे शपथ: नई सरकार का शपथ समारोह आज सुबह 11:30 बजें, के नाम लेकर दिल्ली जाएंगे मोहन-वीडी

भोपाल डेस्क :
डॉ. मोहन यादव बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कार्यक्रम मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में रखा गया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ भाजपा शासित राज्यों के सीएम मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा उप सीएम की शपथ लेंगे। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार में पहली बार दो उप सीएम बनाए हैं।
ये रहेंगे मौजूद : केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, गुजरात के भूपेंद्र पटे, महाराष्ट्र के एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस व अजीत पंवार, मणिपुर से एन बीरेन सिंह, नगालैंड से नेफ्यू रियो व वाई पट्टन और मेघालय से कोनरद संगमा।

एक ओर नेता, दूसरी ओर संत समागम; पहली बार शपथ लाइव दिखाने के लिए मुख्य चौराहों पर लगेंगी एलईडी
मंच पर एक ओर तमाम नेता बैठेंगे तो दूसरी ओर संतों का समागम होगा। शपथ ग्रहण समारोह को लाइव दिखाने के लिए पहली बार शहर के मुख्य चौराहों और पार्किंग समेत 8 जगह बड़ी एलईडी लगाई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में 25 से ज्यादा आईपीएस और 4000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। खुद फील्ड पर जुटे नए सीएम, तैयारियां परखीं नए सीएम डॉ. मोहन यादव राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, निवर्तमान सीएम शिवराज सिंह चौहान के साथ मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे।
अब मंत्रिमंडल भी चौंकाएगा
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल के चेहरे तलाशने की भी तैयारी है। बड़े नेताओं से प्रारंभिक चर्चा करने के बाद यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद दिल्ली जाएंगे। गुजरात फाॅर्मूला चलता है तो कैबिनेट नए चेहरों के साथ बनेगी। जो लंबे समय से मंत्री रहे ऐसे कई बड़े नाम बाहर होंगे। उन्हें सिर्फ जातिगत गणित (सोशल इंजीनियरिंग) ही बचा पाएगा। यानी चेहरे की तरह अब मंत्रिमंडल भी चौंकाएगा।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि डिप्टी सीएम और स्पीकर की नियुक्ति के बाद हाईकमान बचे हुए बड़े नेताओं कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, गोपाल भार्गव, जयंत मलैया, विजय शाह, भूपेंद्र सिंह, बिसाहूलाल सिंह जैसे कुछ लोगों की भूमिका जल्द स्पष्ट करेगा। इसके बाद ही मंत्रिमंडल के नाम फाइनल होंगे। संघ के नामों को प्राथमिकता में रखा जा सकता है। इसके साथ जातिगत समीकरण और महिलाओं को भी प्राथमिकता दी जा सकती है। बताया गया है कि रीजन व संभागों में भी संतुलन बैठाया जाएगा।
मंत्रिमंडल के पुराने चेहरों पर संशय
पार्टी सूत्रों की मानें तो इस बार कैबिनेट में पुराने मंत्रिमंडल के चेहरों को जगह मिलना मुश्किल है। यानी जो उमाभारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री रहे, उन्हें ड्रॉप किया जा सकता है। प्रदेश स्तर से हालांकि ये नाम लेकर भी दिल्ली जाएंगे, जिस पर अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व लेगा।
शाह से मिले विजयवर्गीय-राकेश
डॉ. मोहन यादव को सीएम घोषित करने के बाद दिल्ली गए विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और राकेश सिंह ने केंद्रीय संगठन से मुलाकात करके अपनी बात रखी। विजयवर्गीय और राकेश शाह से मिले। ये सभी नेता बुधवार को शपथ-ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंच रहे हैं।
रीजन के ये प्रमुख नाम लेकर दिल्ली जा सकते हैं नेता
मालवा-निमाड़ : तुलसी सिलावट, ऊषा ठाकुर, चिंतामणि मालवीय, रमेश मेंदोला, अर्चना चिटनीस, निर्मला भूरिया, इंदर सिंह परमार, बालकृष्ण पाटीदार, चेतन कश्यप, हरदीप सिंह डंग, राजेश सोनकर, मंजू दादू, गायत्री राजे व आशीष शर्मा।
ग्वालियर-चंबल : एंदल सिंह कंसाना, प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रियंका मीणा, अमरीश शर्मा, राकेश शुक्ला, देवेंद्र जैन, सरला रावत, प्रीतम लोधी व बृजेंद्र सिंह यादव।
महाकौशल : राकेश सिंह, संपतिया उइके, राव उदय प्रताप सिंह, संजय पाठक, अशोक रोहाणी, ओपी धुर्वे, संदीप जायसवाल व प्रणय पांडे।
विंध्य : रीति पाठक, जयसिंह मरावी, दिव्यराज सिंह, सुरेंद्र सिंह गहरवार, प्रदीप पटेल, कुंवर सिंह टेकाम, विक्रम सिंह, शरद कोल व मीना सिंह।
मध्यभारत : विश्वास सारंग, विष्णु खत्री, रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, डॉ. प्रभुराम चौधरी, मोहन शर्मा, हेमंत खंडेलवाल, योगेश पंडाग्रे, गंगा उइके, सुरेंद्र पटवा और ठाकुरदास नागवंशी।
बुंदेलखंड : गोविंद सिंह राजपूत, शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, लखन पटेल, प्रहलाद लोधी, बृजेंद्र प्रताप सिंह, उमादेवी खटीक और हरिशंकर खटीक।



