CM शिवराज सिंह ने दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के दिल्ली जाने पर तंज कसा: शिवराज बोले- यह लूट के माल की लड़ाई हैं

भोपाल डेस्क :
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के दिल्ली जाने पर तंज कसा है। भोपाल में मंगलवार को उन्होंने कहा, ‘ये जय और वीरू की जोड़ी है, जिसे दिल्ली बुलाया गया है। वे कहते हैं कि भाजपा भ्रम फैला रही है तो उन्हें दिल्ली क्यों बुलाया गया? कांग्रेस के जय और वीरू झगड़ रहे हैं। इनका झगड़ा लूट के माल के लिए है।’
CM शिवराज ने कहा, ‘पहले भी 2003 तक मिस्टर बंटाढार ने पूरे प्रदेश को लूटा और बर्बाद कर दिया। सवा साल में कमलनाथ ने भी लूट का अड्डा बना दिया था। अब आगे कौन लूटे और कितना लूटे, इसमें कितनी हिस्सेदारी हो? झगड़ा इनका केवल इसी बात का है। अब दिल्ली भी पता नहीं इन पर किस मुद्दों पर चर्चा कर रही है। क्या दिल्ली भी इसमें शामिल है?’

कमलनाथ के बयानों पर शिवराज का पलटवार
- मध्यप्रदेश कमलनाथ का राज्य नहीं है। मध्यप्रदेश को चौपट प्रदेश कहना प्रदेशवासियों का अपमान है। अगर उन्हें मुझसे राजनीतिक बैर है तो आप मेरा अपमान करें। इस प्रदेश को आप चौपट करने की कोशिश करते थे। इन्होंने मध्यप्रदेश और देश का अपमान किया है, जिसे जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
- कल मैंने उन्हें सेठ कहा तो वे आपत्ति व्यक्त कर रहे हैं कि मैं सेठ हूं क्या? वे स्वयं कहते हैं कि मैं निजी प्लेन में घूमता हूं। अब निजी प्लेन किसान के पास नहीं होता है, मजदूर के पास नहीं होता, गरीब के पास नहीं होता है। उनका एक पांव देश में रहता है एक पांव विदेश में रहता है। सेठ को सेठ न कहें तो क्या कहें।
मनमुटाव की खबरों पर सुरजेवाला ने बताया था जय-वीरू
कांग्रेस में टिकट बंटवारे पर दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के बीच मनमुटाव की खबरें आ रही हैं। इसके जवाब में पार्टी के प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा था कि दोनों शोले के जय और वीरू हैं। गब्बर की इनकी जोड़ी को तोड़ने की कोशिश नाकाम रही थी और अब भाजपा की भी नाकाम ही रहेगी।
दोनों नेताओं को सोमवार को कांग्रेस हाईकमान ने दिल्ली बुलाया था। सोमवार देर रात दिल्ली में बड़े नेताओं की मौजूदगी में बैठक हुई। दोनों नेता साथ में लौटे भी।
दिग्विजय से नाराजगी पर कमलनाथ बोले- ऐसी कोई बात नहीं
PCC चीफ कमलनाथ ने दिल्ली में हुई बैठक के बाद कहा, ‘बीजेपी के बहुत सारे नेता कांग्रेस में आना चाहते हैं। ये सब वे लोग हैं, जो सच्चाई का साथ दे रहे हैं। कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं को मध्यप्रदेश की भावना समझ आ रही है, इसलिए कांग्रेस जॉइन करना चाहते हैं।’
दिल्ली में हुई बैठक को लेकर कहा, ‘प्रियंका, राहुल और मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे को लेकर चर्चा हुई है।’ दिग्विजय सिंह और उनके बीच नाराजगी के सवाल पर बोले, ‘नाराजगी जैसी कोई बात ही नहीं है।’



