भोपाल

मध्यप्रदेश में गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर: राजधानी भोपाल में पहली बार तापमान 40 डिग्री पार, सड़क का डामर पिघला

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश में सोमवार को गर्मी ने तीखे तेवर दिखाए। सीजन में पहली बार भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और इंदौर का पारा सबसे ज्यादा रहा। भोपाल में पहली बार पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। यहां तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 2 डिग्री पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। ग्वालियर में भी पहली बार तापमान 41.7 डिग्री पर पहुंच गया। इंदौर में 39.6 और जबलपुर में तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आसमान साफ होने की वजह से गर्मी का असर बढ़ गया। खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें कि रविवार को भोपाल समेत प्रदेश के कई शहरों में बारिश-आंधी हुई थी। अगले ही दिन मौसम में बदलाव देखने को मिला।

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है। इसका असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। जिससे गर्म हवाएं मध्यप्रदेश में नहीं आ रही हैं। दूसरी ओर साउथ वेस्ट राजस्थान के ऊपर सर्कुलेशन बना हुआ है। नॉर्थ छत्तीसगढ़ से केरल तक महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक होते हुए ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। वहीं, अरब सागर से थोड़ी सी नमी बनी हुई है। इस कारण प्रदेश में मौसम बदल गया है। 18 और 19 अप्रैल को मौसम में और भी बदलाव होगा। इससे प्रदेश के दक्षिण हिस्से यानी खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बैतूल, हरदा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में कहीं-कहीं गरज-चमक की स्थिति रहेगी। भोपाल में 18 और 19 अप्रैल को फिर बारिश होने के आसार है।

भोपाल में आज भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 17 अप्रैल को भी भोपाल में मौसम बदला रहेगा। नमी की वजह से दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी और आंधी चल सकती है। 18 और 19 अप्रैल को बारिश हो सकती है। इससे दिन का तापमान 40 डिग्री और रात में 23 डिग्री के आसपास ही रहेगा।

एमपी के इन शहरों में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 18 और 19 अप्रैल को नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, मंडला में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। ग्वालियर, उज्जैन समेत अन्य शहरों में गर्मी का असर रहने का अनुमान है।

पहली बार दमोह-टीकमगढ़ में रात का पारा 26 डिग्री पर पहुंचा

मौसम भले ही बदल गया हो और बूंदाबांदी भी हो रही हो, लेकिन कई शहरों में रातें काफी गर्म हैं। दमोह और टीकमगढ़ में पारा 26 डिग्री तक पहुंच गया है। रविवार-सोमवार की रात पहली बार इतना अधिक न्यूनतम तापमान रहा। भोपाल में 24.6 डिग्री पारा रहा। इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में 21 डिग्री से ज्यादा ही तापमान दर्ज किया गया। सागर और सीधी में 25 डिग्री के पार तापमान पहुंच गया। सतना, नर्मदापुरम, रतलाम, दतिया, राजगढ़, खजुराहो और नौगांव में तापमान 23 से 24 डिग्री के बीच रहा।

राजगढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी, पारा फिर 43 पर पहुंचा
रविवार को भले ही कई शहरों में बूंदाबांदी हुई और मौसम बदला हो, लेकिन कई शहरों में गर्मी का असर भी देखने को मिला। राजगढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी रही। यहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। खजुराहो और दमोह में पारा 42 डिग्री के पार रहा। नौगांव में 41.5, खरगोन में 41.2, रतलाम में 41, नर्मदापुरम में 40.9, सीधी में 40.6, गुना में 40.4, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा और सागर में पारा 40 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों में भोपाल का तापमान 38.9, इंदौर में 38.8, ग्वालियर में 41.3 और जबलपुर में पारा 39.6 डिग्री दर्ज किया गया।

भोपाल में 5 घंटे में 7.7 डिग्री लुढ़का पारा

रविवार सुबह शहर में धूप निकली थी। दोपहर तक शहर खूब तपा। जिससे सुबह 11:30 बजे ही पारा 35 डिग्री पर पहुंच गया। इसके बाद मौसम ने यू-टर्न ले लिया। फिर बादल छाए और शहर के ज्यादातर हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। इससे वातावरण में घुली ठंडक के कारण 5 घंटे में ही तापमान 7.7 डिग्री लुढ़क गया था। दोपहर 3:30 तापमान 38.9 डिग्री दर्ज किया गया था। रात 8:30 बजे पारा 31.2 डिग्री पर आ गया था। इस दौरान कुछ देर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

ग्वालियर में पारा 41 डिग्री तक पहुंचा

राजस्थान से आने वाली गर्म हवा के असर से ग्वालियर में 10 दिन से अधिकतम तापमान राेज बढ़ रहा है। रविवार काे सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 41 डिग्री ताे न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के पार पहुंच गया। सबसे ज्यादा दाेपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक गर्मी का अहसास हुआ। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी राजस्थान की ओर से सीधे गर्म हवा अंचल की ओर आ रही हैं। इससे तीन दिन में दो से तीन डिग्री अधिकतम तापमान और बढ़ सकता है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!