Breaking – भीषण अग्निकांड, यूपी में 500 से ज्यादा कपड़ा दुकानों में भीषण आग: 6 घंटे से होलसेल मार्केट जल रही, सेना ने संभाला मोर्चा; 50 से ज्यादा फायर ब्रिगेड मौके पर
न्यूज़ डेस्क :
कानपुर के बांसमंडी में कपड़े की होलसेल मार्केट 6 घंटे से जल रही है। 500 से ज्यादा दुकानें जलकर राख हो चुकी हैं। रात एक बजे लगी आग अभी भी धधक रही है। सेना और एयरफोर्स के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। कानपुर, उन्नाव, लखनऊ समेत आसपास के कई जिलों की 50 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं।
रात करीब एक बजे बांसमंडी स्थित हमराज कॉम्प्लेक्स कपड़ा बाजार स्थित एआर टावर में शॉर्ट सर्किट से दुकानों के बाहर रखे सामान में आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने पल भर में ही कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद देखते ही देखते पूरा तीन मंजिला टावर धधकने लगा। इसके बाद बगल वाले मसूद टावर और फिर मसूद कॉम्प्लेक्स-2 और फिर हमराज कॉम्प्लेक्स तक आग फैल गई।
आसपास के जिलों से बुलाई गई फायर ब्रिगेड
कानपुर, उन्नाव और लखनऊ समेत कई जिलों की 50 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं। डीएम और पुलिस कमिश्नर ने सेना के अफसरों से संपर्क किया है। अब सेना को आग बुझाने के लिए मौके पर बुलाया जा रहा है। कानपुर पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड, जॉइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी और डीएम मौके पर मौजूद हैं।
एक किलोमीटर के एरिया को सील किया गया
भीषण आग को देखते बासमंडी की ओर सभी वाहनों के आवागमन को रोक दिया गया है। एक किलोमीटर के एरिया को सील कर दिया गया है। आसपास के दुकानदारों से भी दुकानें खाली करने की अपील पुलिस और प्रशासन की टीम कर रही है।
इन 5 कॉम्प्लेक्स में आग, बैंक भी जल गई
AR टावर से उठी आग नफीस टावर, अर्जुन कॉम्प्लेक्स, मसूद कॉम्प्लेक्स-1 और मसूद कॉम्प्लेक्स-2 तक फैल गई है। इन पांच कॉम्प्लेक्स में आग की लपटें और धुआं भी उठ रहा है। नफीस टावर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) है। इस टावर में भी आग लगी है। आग ने बैंक को भी अपनी चपेट में ले लिया है।



