इंदौर

इंदौर बावड़ी हादसा: अब तक 30 की मौत:देर रात 16 डेडबॉडी और निकाली; रेस्क्यू में आर्मी ने संभाला मोर्चा

इंदौर डेस्क :

इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर की बावड़ी से देर रात 12 से 1.30 बजे के बीच 16 शव और निकाले गए। जिसके बाद इस हादसे में मौत का आंकड़ा बढ़कर 30 हो गया है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आर्मी ने भी मोर्चा संभाल रखा है। दरअसल, गुरुवार को रामनवमी पर यहां हवन-पूजन का आयोजन था, जिसमें शामिल होने के लिए कई श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर में अंडरग्राउंड बावड़ी की छत धंस गई। जिससे 40 से ज्यादा लोग बावड़ी में गिर पड़े। बावड़ी करीब 40 फीट गहरी है, जिसमें काफी पानी भी भरा था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियों के सहारे कुएं से लोगों को निकाला।

बावड़ी में पानी ज्यादा होने से रेस्क्यू में परेशानी आई। जिसके बाद पानी को पंप की मदद से बाहर निकाला गया। पानी कम होने पर फिर रेस्क्यू शुरू किया गया। SDRF के DIG महेशचंद्र जैन ने बताया कि कुएं में बहुत ज्यादा पानी था, कुछ दिख नहीं रहा था। पानी को लगातार खाली किया गया। जिसके बाद और भी डेडबॉडी उसमें दिखी। उन्होंने बताया कि SDRF, NDRF, आर्मी की टीम, पुलिस और प्रशासन रेस्क्यू में लगा है। शुरुआत में करीब 20 लोगों को सकुशल बावड़ी से बाहर निकाला गया। इनमें से घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।

हादसा सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोगों के वजन से बावड़ी की छत धंस गई और लोग उसमें गिर गए। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है। कलेक्टर ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच कराने की बात कही है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!