मध्यप्रदेश की सभी 230 सीटों पर 72.30 प्रतिशत वोटिंग: मुंगावली में टॉर्च की रोशनी में मतदान, सिरोंज में रात 8 बजें तक लगी लंबी लाइनें

भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश में कई विधानसभा सीटों पर छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान संपन्न हो गया। प्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ रहे 2533 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद हो गई है। शुक्रवार सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे थम गई। हालांकि मतदान केंद्र में एंट्री ले चुके वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मुंगावली के एक बूथ पर बिजली नहीं होने से टॉर्च की रोशनी में वोट डलवाए गए। वहीं, सिरोंज सीट के कई बूथों पर रात 8 बजे तक वोट डालने वालों की लाइन लगी रही।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस चुनाव में 72.30 फीसदी वोटिंग हुई है। ये आंकड़ा देर रात तक बढ़ सकता है। सबसे अधिक 83.31 प्रतिशत वोट आगर मालवा जिले में डाले गए हैं। सबसे कम भिंड जिले में 58.41% वोट पड़े। देवास जिले की हाटपिपलिया सीट पर सबसे ज्यादा 86% वोटिंग हुई। भिंड सीट पर सबसे कम 50.41% वोट डाले गए। हालांकि फाइनल आंकड़ा आना अभी बाकी है। पिछले चुनाव में 75.63% वोटिंग हुई थी।

भोपाल में मंत्री ने युवक पर हाथ उठाया: भोपाल में मतदान केंद्र हिंद कॉन्वेंट स्कूल में विवाद का एक वीडियो सामने आया। जिसमें मंत्री और बीजेपी प्रत्याशी विश्वास सारंग युवक पर हाथ उठाते हुए नजर आए।
इंदौर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े: इंदौर-4 विधानसभा सीट पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। वीडियो में भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह भी मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

भाजपा प्रत्याशी पर हत्या का केस दर्ज: छतरपुर के राजनगर में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा की गाड़ी चला रहे पार्षद की कुचलने से मौत हो गई। इस मामले में बीजेपी प्रत्याशी अरविंद पटेरिया सहित उनके 18-20 साथियों पर केस दर्ज किया गया है। वहीं, अरविंद पटेरिया ने एक वीडियो जारी कर कहा, कांग्रेस प्रत्याशी झूठा आरोप लगा रहे हैं।
3 की हार्ट अटैक और एक की करंट से मौत: उज्जैन और खरगोन में हार्ट अटैक से एक-एक वोटर की, तो रायसेन के सिलवानी में पुलिसकर्मी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। हरदा में पोलिंग बूथ पर करंट से एक युवक की जान चली गई।

वोटिंग से जुड़े अपडेट्स…
- जबलपुर और महू में पथराव: जबलपुर पूर्व विधानसभा सीट के शीतला माई चौक के पास कांग्रेस-बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद पथराव हो गया। जिसमें ASI गोपाल सिंह घायल हो गए। वहीं इंदौर की महू सीट के नेव गुराड़िया गांव में भी पथराव से दो लोग घायल हो गए।
- ग्वालियर में कांग्रेस प्रत्याशी पर केस दर्ज: ग्वालियर ग्रामीण सीट से कांग्रेस प्रत्याशी साहब सिंह गुर्जर पर तिघरा थाने में केस दर्ज किया गया है। बसपा जिला अध्यक्ष सतीश मंडेलिया ने उनके खिलाफ धमकी देने की शिकायत की थी।
- भाजपा-कांग्रेस समर्थक भिड़े, एक का सिर फूटा: ग्वालियर पूर्व विधानसभा के थाटीपुर में मतदान और हार-जीत को लेकर भाजपा-कांग्रेस समर्थक भिड़ गए। इसमें एक का सिर फूट तो दूसरे के हाथ में चोट आई है।
- सबसे कम मतदाता वाले सोनेवानी केंद्र पर 100% वोटिंग: प्रदेश में सबसे कम मतदाता वाले पोलिंग सेंटर क्रमांक-53 सोनेवानी में दोपहर 1 बजे 100% वोटिंग हो गई है। बालाघाट विधानसभा क्षेत्र में आने वाले इस दुर्गम केंद्र में कुल 42 मतदाता हैं। जिसमें 26 महिलाएं , 16 पुरुष वोटर हैं।
- पथराव में भाजपा कैंडिडेट घायल: भिंड की मेहगांव विधानसभा के मानहढ़ गांव में बीजेपी प्रत्याशी राकेश शुक्ला को कुछ लोगों ने घेर लिया। शुक्ला को बचाने के लिए गार्ड ने गोली चलाई। पथराव में शुक्ला घायल हो गए।
- कांग्रेस-भाजपा समर्थकों में नोंकझोक: शुजालपुर में भाजपा प्रत्याशी और मंत्री इंदर सिंह परमार के समर्थकों और कांग्रेस प्रत्याशी रामवीर सिंह सिकरवार के समर्थकों के बीच तीखी नोंकझोक हो गई। इस दौरान मंत्री परमार भी मौजूद थे।
- बूथ कैपचरिंग की शिकायत : देवास के कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप चौधरी ने भाजपा पर बूथ कैपचरिंग का आरोप लगाया है। प्रदीप ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में की है।
- नक्सल प्रभावित बूथों पर 3 बजे तक वोटिंग: बालाघाट जिले की नक्सल प्रभावित तीन सीटों- बैहर, लांजी और परसवाड़ा में मतदान 3 बजे खत्म हो गया। मंडला जिले के नक्सल प्रभावित 55 और डिंडौरी के 40 मतदान केंद्रों पर भी मतदान 3 बजे थम गया था।

वोटिंग का पिछले चुनाव का टूट सकता है रिकॉर्ड
इस विधानसभा चुनाव में पिछले चुनाव की वोटिंग का रिकॉर्ड टूट सकता है। आंकड़ें देखें तो हर घंटे 7 फीसदी वोटिंग हुई। इस हिसाब से इस बार वोटिंग का आंकड़ा 78 फीसदी के पार जा सकता है। पिछले चुनाव में 75.63 फीसदी वोटिंग हुई थी।



