कलश यात्रा में महिलाओं का उमड़ा सैलाब, कल 7 अप्रैल से होगी बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की भागवत कथा
विदिशा डेस्क :
विदिशा में बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री की भागवत कथा को लेकर गुरुवार को भव्य विशाल कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में महिलाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान पूरा शहर भगवामय नजर आया।
विदिशा में बटेश्वर भागवत सेवा संस्थान के तत्वाधान में 7 अप्रैल से 13 अप्रैल तक बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री की भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है। इसको लेकर गुरुवार को विदिशा में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में महिलाओं का सैलाब उमड़ा पड़ा। कलश लिए हजारों की संख्या में महिलाएं चल रही थी , कलश यात्रा के पहले आयोजकों ने सड़कों पर पानी का छिड़काव कर दिया था। जिससे महिलाओं को कलश यात्रा के दौरान कोई परेशानी ना आए। कलश यात्रा को भव्यता देने के लिए बाहर से हाथी घोड़े, ऊंट बुलवाए गए थे। कई डीजे और बैंड कलश यात्रा में शामिल थे। डीजे पर बज रहे धार्मिक भजनों पर महिलाएं अपने आपको थिरकने से नहीं रोक पा रही थी। इस भव्य कलश यात्रा का दो सौ से ज्यादा जगहों पर विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने स्वागत किया। वहीं, सड़कों पर खड़े लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जिसने भी भव्य कलश यात्रा का नजारा देखा बह हैरान हो गया जहां देखो वहां महिलाएं सिर पर कलश रखे नजर आ रही थी। लोग अपने घरों की छत पर या जहां उन्हें जगह मिल रही थी। वहां से इस भव्य कलश यात्रा को देख रहे थे, और धार्मिक जयकारे लगा रहे थे।

यह कलश यात्रा देवी के बाग से शुरू हुई जो शहर के मुख्य मार्गों बड़ा बाजार, माधवगंज, पीतल मिल चौराहा होते हुए अहमदपुर हाईवे पर कथा स्थल पर पहुंची, जहां पर कलश यात्रा का समापन किया गया। कलश यात्रा में शामिल होने के लिए आयोजकों ने शहर में महिलाओं को 5100 से अधिक निशुल्क कलश वितरण किए थे, और घर-घर पीले चावल देकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया था।



