
भोपाल डेस्क :
अप्रैल की तीखी गर्मी के बीच रविवार को बादलों ने सूरज को घेर लिया। भोपाल समेत 10 जिलों के शहरों और कस्बों में बारिश हुई। असर यह हुआ कि भोपाल में दिन का तापमान करीब 1.9 डिग्री कम हो गया। रविवार को यह 35.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, रात के तापमान में 1.2 डिग्री की वृद्धि हुई।
भोपाल में सुबह 8:30 बजे तक 0.2 मिमी बारिश हुई। बुदनी, मलाजखंड, मुलताई, पांढुरना, जबेरा, नैनपुर, केसली और मोहखेड़ में भी बारिश हुई। मौसम केंद्र ने गुड़ी पड़वा (मंगलवार) से 3-4 दिन भोपाल, विदिशा, रायसेन और सीहोर में तेज हवा, बारिश और ओलों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार के लिए बैतूल-नर्मदापुरम में बारिश और ओलों का रेड अलर्ट है।
आगे क्या
- बैतूल और नर्मदापुरम जिले में कल ओले-बारिश का रेड अलर्ट
- 3-4 दिन भोपाल, विदिशा, रायसेन व सीहोर में आंधी, बारिश और ओले
वजह… अरब सागर की नमी का असर
मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार ईरान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से चला वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर भारत होते हुए साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बना हुआ है। राजस्थान के पास भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। एक ट्रफ लाइन या विंड डिस्कंटीन्यूटी छत्तीसगढ़ और विदर्भ के रास्ते दक्षिण पठार के क्षेत्र में असर कर रही है। इन मौसमी सिस्टम के कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी आ रही है। इसका असर पूरे मध्य भारत में बादल, बारिश तेज हवा के रूप में हो रहा है।



