नए साल का बेहतर तोहफा, विदिशा एसपी ने लोगों को लौटाए मोबाइल: चोरी हुए 70 मोबाइल को पुलिस ने बरामद किया था

विदिशा डेस्क :
आज (शनिवार को) विदिशा में एसपी दीपक शुक्ला ने 70 लोगों को उनके चोरी हुए मोबाइल लौटा दिए। इन्हें पुलिस की साइबर क्राइम की टीम ने खोजा था।

दरअसल, जिले में पिछले कुछ महीनों में मोबाइल चोरी होने के कई मामले सामने आए थे। जिनकी शिकायतें जिले के थानों में दर्ज की गई थी, पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने जिले में चोरी या गुम हो जाने वाले मोबाइल को ढूंढने के लिए साइबर क्राइम की टीम को काम पर लगाया था, साइबर क्राइम की टीम ने चोरी किए गए मोबाइल की लोकेशन के आधार पर उनको ट्रेस कर लिया और पुलिस ने लगभग 10 लाख रुपए कीमत के 70 मोबाइल को बरामद कर लिया। आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी दीपक शुक्ला चोरी किए गए मोबाइल को उनके मालिकों के सुपुर्द किए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एडिशनल एसपी समीर यादव सहित साइबर क्राइम की टीम मौजूद थी। इस संबंध में विदिशा एसपी दीपक शुक्ला ने बताया कि हमारे थानों में मोबाइल चोरी होने या मोबाइल गिरने की अलग-अलग प्रकार से शिकायतें आती रहती थीं। जिन्हें हमने साइबर सेल के माध्यम से सभी शिकायतों को ट्रेस करवाया। जिससे लगभग 70 मोबाइल ढूंढने में सफलता प्राप्त की और आज उन सभी मोबाइलों को वापस किया जा रहा है।

इस संबंध में आवेदक रश्मि मालवीय ने बताया कि 2 से 3 माह पहले मेरा मोबाइल गुम हो गया था इसकी शिकायत मैंने पुलिस थाने में की थी। आज पुलिस के सहयोग से मुझे अपना मोबाइल प्राप्त हुआ जिससे मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। वहीं उन आवेदकों ने जिनके मोबाइल गुम हो गए थे। उन्होंने आज मोबाइल मिलने के बाद पुलिस के काम की तारीफ की।
इससे पहले भी पुलिस ने जुलाई महीने में चोरी, गुम हुए 50 मोबाइलों को उनके मालिकों को लौटा दिया था।



