विदिशामध्यप्रदेश

किसानों के मुद्दे पर गरजे उमंग सिंघार, शमशाबाद में हुआ भव्य स्वागत

सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप, आत्महत्या के मामले में मदद और गेहूं खरीदी व्यवस्था सुधारने की मांग

विदिशा डेस्क:

शमशाबाद में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने महानीम चौराहे पर जोरदार स्वागत किया। फूल-मालाओं और साफा बांधकर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सिंघार ने प्रदेश सरकार और भाजपा पर किसानों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों की बातें तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।


सिंघार ने सांगुल में एक किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने का उल्लेख करते हुए सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने से परेशान हैं और हालात ऐसे बन गए हैं कि उन्हें सड़कों पर प्याज फेंकने को मजबूर होना पड़ रहा है। गेहूं खरीदी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण स्लॉट बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करने वालों की नीतियों के कारण आज किसान सबसे अधिक परेशान है। वर्तमान हालात में किसान “खून के आंसू” रोने को मजबूर हैं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी सहित राहुल राज, रणधीर सिंह ठाकुर, मनोज कपूर, इंदर सिंह यादव, रामराज दांगी, चेतन विक्रम सिंह, प्रवीण वासीया, सोनू यादव, कुलदीप रत्नाकर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!