विदिशा में खरीदी व्यवस्था पर सख्त नजर: गड़बड़ी पर 34 सर्वेयर हटाए, किसानों को परेशानी न हो: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

विदिशा डेस्क:
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रीशिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को विदिशा कलेक्ट्रेट स्थित बेतवा सभागार में रबी उपार्जन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीहोर, रायसेन और देवास जिलों में चल रही खरीदी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
समीक्षा के दौरान मंत्री चौहान ने चना और मसूर की खरीदी व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार खरीदी कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि विदिशा जिले में गेहूं खरीदी लगातार जारी है और 80 प्रतिशत से अधिक किसानों की स्लॉट बुकिंग हो चुकी है। सत्यापन संबंधी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है, वहीं खरीदी केंद्रों पर कांटों की संख्या बढ़ाई गई है और बारदाना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिले में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। गड़बड़ी करने वाले सर्वेयरों पर सख्ती दिखाते हुए 34 सर्वेयरों को हटाया गया है, जबकि दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खरीदी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की उपज आसानी से तौली जाए और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही फार्म गेट विकल्प को बढ़ाने, वेयरहाउस में गुणवत्ता के समान मानक लागू करने और खरीदी केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने दलहन उपार्जन में बेहतर प्रदर्शन के लिए विदिशा जिले की सराहना करते हुए जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी। बैठक में जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि अन्य जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।



