नहाते समय नाले में बने कच्चे कुएं में डूबने से दो भाइयों की मौत: साथी बच्चों ने शोर मचाया तो पहुंचे परिजन

न्यूज़ डेस्क :
सागर में राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टेहरा-टेहरी में नाले में बने कुएं में नहाते समय दो भाई डूब गए। जिससे दोनों की मौत हो गई। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को कुएं से बाहर निकाला। लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों का पंचनामा बनाया। जानकारी के अनुसार रविवार को ग्राम टेहरा-टेहरी में रमझिरिया के पास वाले नाले में चार बच्चे नहाने के लिए गए थे। नहाते समय नाले में बने कच्चे कुएं में समर और साहिल कुशवाहा डूब गए। दोनों को डूबते हुए देख साथ में नहा रहे बच्चे दौड़े और परिवार वालों को घटना की सूचना दी।
खबर मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। शवों का पीएम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया है। मृतक बच्चे एक ही परिवार के हैं और रिश्ते में भाई लगते हैं। मृतक के परिवार वालों ने बताया कि बच्चे गांव के पास नाले में नहा रहे थे। उसी समय नाले में बने कच्चे कुएं में डूब गए। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।



