भोपाल

आज मंगलवार को मुख्यमंत्री भोपाल में करेंगे पंचकर्म सुपर स्पेशियलिटी केन्द्र एवं ऑडिटोरियम का लोकार्पण

भोपाल डेस्क : 

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार 6 दिसम्बर को प्रात: 10 बजे भोपाल के पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद संस्थान परिसर में पंचकर्म सुपर स्पेशियलिटी एवं वेलनेस केन्द्र का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री इस मौके पर आयुर्वेद संस्थान के रजत जयंती ऑडिटोरियम भवन का लोकार्पण भी करेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान कार्यक्रम में संस्थान के अकादमिक भवन और मध्यप्रदेश आयुर्वेदिक तथा यूनानी चिकित्सा पद्धति एवं प्राकृतिक चिकित्सा बोर्ड कार्यालय भवन का शिलान्यास भी करेंगे। आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामकिशोर (नानो) कावरे, भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, अध्यक्ष गृह निर्माण मण्डल आशुतोष तिवारी और विधायक दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र भोपाल पी.सी. शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। रजत जयंती ऑडिटोरियम पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद संस्थान साइंस हिल्स, मेनिट के पीछे, कोलार नेहरू नगर रोड पर है।

आयुष राज्य मंत्री ने किया आकस्मिक निरीक्षण

आयुष राज्य मंत्री कावरे ने सोमवार को रजत जयंती ऑडिटोरियम भवन का निरीक्षण किया। ऑडिटोरियम में 500 व्यक्तियों के बैठने की क्षमता है। साथ ही विद्युत एवं साउण्ड के आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया गया है। कावरे ने केन्द्र सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन के सहयोग से 9 करोड़ की लागत से नव-निर्मित 50 शैय्या युक्त पंचकर्म सुपर स्पेशियलिटी एवं वेलनेस केन्द्र का निरीक्षण किया।

इस केन्द्र में पंचकर्म के साथ पर्सनलाइज्ड मेडिसिन, आयुर्वेद आहार, योग एवं ध्यान, फिजियोथेरेपी एवं रिहेबिलिटेशन की सुविधा है। साथ ही आयुर्वेद की विशिष्ट नाड़ी परीक्षा, प्रकृति परीक्षा, आधुनिक लेब जाँच, सोनोग्राफी और सीटी स्केन की भी सुविधा रहेगी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!