मध्यप्रदेश

शिप्रा के तट 5 लाख 51 हजार दीयों से हुआ जगमग: गुड़ी पड़वा पर उज्जैन में मना उत्सव; जुबिन नौटियाल ने गाया- मेरे घर राम आए हैं..

उज्जैन डेस्क :

गुड़ी पड़वा के मौके पर उज्जैन में शिप्रा नदी के तट 5 लाख 51 हजार दीयों की रोशनी से जगमग हो उठे। हजारों लोगों के साथ सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी पत्नी के साथ दीप प्रज्जवलित किए।

हिन्दू नव वर्ष पर मंगलवार शाम को उज्जैन के रामघाट पर शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम आयोजित किया गया। नृसिंह घाट, दत्त अखाड़ा घाट और गुरु नानक घाट पर भी दीप जलाए गए। इसी के साथ उज्जैन गौरव दिवस और विक्रमोत्सव का रंगारंग समापन हुआ। जमकर आतिशबाजी की गई। सिंगर जुबिन नौटियाल ने शिव भजनों से समा बांध दिया।

नौटियाल ने गाया- मेरे घर राम आए हैं..

सिंगर जुबिन नौटियाल ने ‘मेरे घर राम आए हैं’ भजन गाकर हर किसी को भाव विभोर कर दिया। नौटियाल ने भजनों के साथ ही फिल्मी गानों की भी प्रस्तुति दी।

दीयों में लगा 9 हजार लीटर तेल

5 लाख 51 हजार दीप प्रज्जवलित करने के लिए 9 हजार लीटर तेल, 115 किलो कपूर और 3 हजार माचिस जुटाई गई। करीब 8 हजार वॉलंटियर्स ने दीप जलाए।

26 लाख दीप जलाने की तैयारी थी

उज्जैन में साल 2022 में महाशिवरात्रि पर 11 लाख 71 हजार 78 दीप प्रज्वलित किए गए थे। 18 फरवरी 2023 को महाशिवरात्रि के पर्व पर शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम में 21 लाख दीपक लगाए गए थे। इन दोनों कार्यक्रम को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया था।

इस बार गुड़ी पड़वा पर्व पर 26 लाख दीपक प्रज्जवलित करने की तैयारी की गई थी। लेकिन, आचार संहिता के चलते गिनीज बुक की टीम ने कार्यक्रम में भाग लेने से मना कर दिया।

नगर निगम कमिश्नर आशीष पाठक ने बताया- कार्यक्रम जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित किया गया। इसके तहत उसी सामग्री का उपयोग किया गया, जिन्हें दोबारा उपयोग में लाया जा सके। दीपक, रुई, तेल, बोतल सभी का फिर से इस्तेमाल किया जा सकेगा।

 

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!