भोपाल

वन विहार राष्ट्रीय उद्यान-जू के नेचर कैम्प में विद्यार्थी हुए शामिल

भोपाल डेस्क : 

छात्र-छात्राओं में वन, वन्य-प्राणियों एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने की दृष्टि से भोपाल शहर एवं उसके आस-पास के ग्रामों के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिये वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, जू भोपाल में एक दिवसीय नेचर कैम्प हुआ।

मंगलवार 6 दिसम्बर को हुए नेचर कैम्प में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चूनाभट्टी के 38 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों के साथ ए.के. खरे, सेवानिवृत्त उप वन संरक्षक, डॉ. संगीता राजगीर एवं मो. खालिक उपस्थित रहे। विषय-विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को पक्षी दर्शन, वन्य-प्राणी दर्शन, प्रकृति पथ-भ्रमण, स्थल पर विद्यमान वानिकी गतिविधियों की जानकारी, वन, वन्य-प्राणी एवं पर्यावरण से संबंधित रोचक गतिविधियाँ कराई गईं एवं जानकारी प्रदान कर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया गया।

प्रतिभागियों ने पक्षी प्रजाति में किंगफिशर, वूली नेक स्टार्क, ड्रॉगो, सिल्वर बिल मुनिया, रॉबिन, कार्मोरेंट, लेसर विसलिंग टील, इग्रेट, रेड मुनिया, ग्रीन बी ईटर, बुलबुल, ब्लैक रेड स्टार्ट, एशी प्रीनिया, जॅकाना, डब, हेरोन, रोलर आदि पक्षियों का अवलोकन किया। साथ ही विभिन्न तितली प्रजातियों के दर्शन किये, जिसमें प्रमुख कॉमन टाईगर, स्ट्रिप्ड टाईगर, ब्लू टाईगर, कॉमन ग्रास यलो, ग्रे पेनसी एवं कॉमन इंडियन क्रो आदि को बहुसंख्या में देखकर प्रतिभागी उत्साहित हो उठे तथा तितलियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

छात्र-छात्राओं ने बाघ, तेंदुआ, भालू, मगर, घड़ियाल, चीतल, सांभर, नीलगाय आदि वन्य-प्राणियों का भी अवलोकन किया। संचालक वन विहार श्रीमती पदमप्रिया बालाकृष्णन एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी नेचर कैम्प में उपस्थित रहे। कैम्प का संचालन सहायक संचालक वन विहार सुनील कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। आगामी कैम्प 13 दिसम्बर, 2022 को आयोजित किया जायेगा, जिसमें शासकीय हाई स्कूल नवीन कन्या नेहरू नगर के विद्यार्थी भाग लेंगे।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!