विदिशा

सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा ने लोगों के बीच छाती ठोंककर कहा मुझे बताओ कहां पैसे खायें: भ्रष्टाचार का आरोप लगने पर हुए आगबबूला, बोले- उमाकांत मर सकता है भ्रष्टाचार नहीं कर सकता

आनंदपुर डेस्क :

विदिशा जिले में सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वे गुस्से में दिख रहे हैं। वीडियो में उमाकांत शर्मा छाती ठोंक रहे हैं और भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वालों को सबूत देने की चुनौती भी दे रहे हैं।

दरअसल, सिरोंज विधायक भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। विधायक उमाकांत शर्मा ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में हुए भ्रष्टाचार को उजागर किया था। विधायक मंच से अधिकारियों को भ्रष्टाचार नहीं करने की नसीहत देते हैं। वे अक्सर जनता से भ्रष्टाचारियों के खिलाफ शिकायत करने की बात कहते हैं।

बता दें कि सिरोंज विधायक उमाकांत पर किसी व्यक्ति ने एक-दो दिन पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। पोस्ट में विधायक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया था।

एक रुपया भी लिया हो तो परिवार सहित मर जाऊं

विधायक ने इस पोस्ट पर अपनी ओर टिप्पणी करते हुए कहा कि मुझ पर 4 बीघा जमीन और 4 करोड़ रुपए लेने का आरोप लगाया जा रहा है। एक दूसरी पोस्ट में उनके ऊपर 2 बीघा जमीन और रुपए लेने का आरोप लगाया। इसके बाद उमाकांत शर्मा आक्रोशित हो गए। उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और अपने विरोधियों पर भड़क गए।

उमाकांत शर्मा ने कहा कि लोग जब मुझे हरा नहीं पाए तो अब मेरे खिलाफ साजिश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों के बीच छाती ठोंकी और दिवंगत लक्ष्मीकांत शर्मा, अपने खानदान और भगवान की सौगंध खाते हुए कहा कि अगर मैंने एक रुपया भी लिया हो तो मैं परिवार सहित मर जाऊं।

उन्होंने कहा कि उमाकांत मर सकता है लेकिन भ्रष्टाचार नहीं करेगा। आरोप लगाने वाले को सामने आकर बताना चाहिए कि मैंने किससे पैसे लिए हैं। उन्होंने अवैध कॉलोनाइजर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मैं विरोध करता हूं तो मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। मुझे मारने की धमकी दी थी। लेकिन आज तक कोई मारने नहीं आया। कुछ समय पहले विधायक उमाकांत शर्मा को सिरोंज के एक कॉलोनाइजर कपिल त्यागी ने जान से मारने की धमकी दी थी। जिसका ऑडियो वायरल हुआ था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!