मध्यप्रदेश

सिंधिया- दिग्विजय आज नामांकन दाखिल करेंगे: लाव- लश्कर के साथ जायेंगे सिंधिया; दिग्गी की अपील- पोलिंग बूथ पर रहें कार्यकर्ता

गुना डेस्क :

गुना लोकसभा के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया और राजगढ़ लोकसभा के लिए दिग्विजय सिंह आज नामांकन दाखिल करेंगे। सिंधिया जहां लाव-लश्कर के साथ नामांकन करने जाएँगे, वहीं दिग्विजय सिंह केवल अपने वकील और प्रस्ताव-समर्थक के साथ जा कर नामांकन करेंगे। सिंधिया के नामांकन के समय CM मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व CM शिवराज सिंह चौहान समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहेंगे।

बता दें कि जिले की दो विधानसभा गुना-शिवपुरी लोकसभा और दो विधानसभा राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में आती हैं। गुना सीट से भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने यादवेंद्र सिंह यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं राजगढ़ लोकसभा से भाजपा ने दो बार के सांसद रोडमल नागर को मैदान में उतारा है। उनके सामने कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

सिंधिया लावलश्कर के साथ करेंगे नामांकन

ज्योतिरादित्य सिंधिया आज अपना नामांकन भरेंगे। गुना लोकसभा का नामांकन शिवपुरी जिला मुख्यालय पर होगा। नामांकन से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया सोमवार को गुना पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारा, जैन मंदिर और बीसभुजा माता मंदिर पर दर्शन किये। आज सुबह वह हनुमान टेकरी पर पहुंचे। CM मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व CM उनके साथ रहेंगे। यहां पूजा-अर्चना करने के बाद वह रैली के रूप में शिवपुरी के लिए रवाना होंगे। वह म्याना, बदरवास, कोलारस होते हुए शिवपुरी पहुंचेंगे। शिवपुरी शहर की एंट्री से रोड शो होगा। दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर वे अपना नॉमिनेशन करेंगे। इसके बाद पोलो ग्राउंड में आमसभा होगी।

CM के आगमन को लेकर हनुमान टेकरी परिसर में तैयारी की गई है। टेकरी से एक किलोमीटर पहले हेलिपैड बनाया गया है। सोमवार को कलेक्टर, SP सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया था। CM औरपूर्व CM हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचेंगे। यहां से वे कार से जरिये टेकरी जाएंगे। टेकरी पर बालाजी सरकार के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे।

दिग्गी साधारण तरीके से करेंगे नॉमिनेशन

राजगढ़ लोकसभा का नामांकन राजगढ़ जिला मुख्यालय पर होगा। कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह भी आज नामांकन करेंगे। वह साधारण तरीके से नामांकन करने जाएंगे। उनके साथ केवल उनके प्रस्तावक-समर्थक और वकील ही मौजूद रहेंगे। सूत्र बताते हैं कि दिग्विजय सिंह ने कुछ दिन पहले ही सभी से कहा है कि वे प्रचार में रहें, नामांकन में आने के लिए सभी से मना किया गया है। राजगढ़ लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर 15 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। गुना लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह के नामांकन की डेट अभी सामने नहीं आयी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!