सार्थक दीवाली: सामाजिक संगठन जन चेतना मंच में मनाई सार्थक दिवाली, खेरुआ बस्ती में बांटे नए कपड़े,

आनंदपुर डेस्क :
सामाजिक संगठन जन चेतना मंच ने ग्राम पंचायत पढ़ेरा चांडू की खेरुआ बस्ती में जरूरतमंद व्यक्तियों को नवीन वस्त्र वितरण कर सार्थक दीपावली मनाई। संगठन के विशेष सहयोगी अभय सक्सैना ने बताया कि संगठन प्रति वर्ष दीपावली के अवसर पर आर्थिक रूप से पिछड़ी बस्तियों में पहुंचकर जरूरतमंद व्यक्तियों को नवीन वस्त्र प्रदान करने का कार्य करता है। उसी क्रम में आज खेरुआ बस्ती में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें संगठन द्वारा जरूरतमंद व्यक्तियों, महिलाओं और बच्चों को नए कपड़े वितरित कर सार्थक दिवाली मनाई हैं।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गोवर्धन शर्मा ने बस्ती वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी प्रकार के नशे का बहिष्कार करें। संगठन का उद्देश्य मानवसेवा है और हम निरंतर इसी दिशा में कार्य कर रहे है। संगठन की प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव कुशवाहा ने कहा कि जो पैसा आप नशीली पदार्थों के सेवन पर खर्च करते हैं वह पैसा अपने परिवार की उन्नति और बच्चों की शिक्षा पर खर्च करें फिर देखो आपका परिवार कैसे आगे बढ़ता है।

प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा की खुशियां बांटने से खुशियां और बढ़ती हैं। सभी ग्रंथों का सार भी यही है की जब तक हमारे आस पास कोई भी व्यक्ति या परिवार अभावग्रस्त होने के कारण दुखी है। तब तक हमें भी खुशियां मनाने का कोई अधिकार नहीं है। जरूरतमंद वर्ग की सेवा या सहयोग करना हमारा धर्म भी है और कर्तव्य भी। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम के वरिष्ठ और बुजुर्गजनों, अतिथि व जनप्रतिनिधियों का फूल मालाओं से स्वागत कर किया गया।

सार्थक दीवाली कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए संगठन के अभय सक्सेना ने कहा की संगठन का उद्देश्य सिर्फ वस्त्र वितरण ही नहीं बल्कि यहां की आर्थिक व सामाजिक रूप से पिछड़ी खेरुआ समुदाय को जागरुक कर नशा, अशिक्षा, अस्वच्छता और अन्य बुराइयों से मुक्त कर इनका जीवन स्तर उठाना है। कार्यक्रम में संगठन के समस्त कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और महिला पुरुष सहित बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संगठन के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र पाटीदार वरिष्ठ कार्यकर्ता रवि कुशवाहा सहित अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित हुए।




