विदिशा

विश्व स्तरीय सेवा की मिसाल बना आनंदपुर का सद्गुरु संकल्प नेत्र चिकित्सालय: कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने की सराहना

आनंदपुर डेस्क :

विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता पहली बार अपने अल्प प्रवास के दौरान बुधवार को आनंदपुर स्थित श्री सद्गुरु संकल्प नेत्र चिकित्सालय पहुँचे। यह चिकित्सालय सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा संचालित किया जा रहा है और ग्रामीण अंचल में अपनी विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जाना जाता है।

कलेक्टर ने सबसे पहले अस्पताल में नेत्र रोगियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ऑपरेशन थियेटर, ओपीडी, वेटिंग एरिया, ऑप्टिकल यूनिट सहित अन्य चिकित्सा सेवाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से भी संवाद कर सुविधाओं की हकीकत जानी और सेवा की गुणवत्ता को सराहा।

इसके पश्चात कलेक्टर ने अस्पताल की जनरल सेवाओं जैसे रजिस्ट्रेशन काउंटर, औषधि वितरण केंद्र, मरीजों के रहने और खाने की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, अनुशासन और तकनीकी प्रबंधन की तारीफ की।

अपना दौरा समाप्त करते हुए कलेक्टर गुप्ता ने ट्रस्ट द्वारा संचालित गेस्ट हाउस, भोजनालय एवं गौशाला का निरीक्षण किया। गौशाला की सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं देखकर वे अत्यंत प्रसन्न हुए।
इस अवसर पर कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने कहा कि “आज के समय में इतने दुर्गम ग्रामीण क्षेत्र में इस स्तर का चिकित्सालय संचालित करना वास्तव में अकल्पनीय कार्य है। यहाँ रोगियों को समस्त स्वास्थ्य सेवाएं पूर्णतः निशुल्क मिल रही हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।”

इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रबंधक मिलिंद रावल ने कलेक्टर को पूरे अस्पताल की कार्यप्रणाली और ट्रस्ट की जनसेवा भावना से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा न सिर्फ नेत्र चिकित्सा बल्कि अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी जरूरतमंदों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के सभी चिकित्सकों और स्टाफ से भी संवाद किया और उनकी कार्यनिष्ठा की प्रशंसा की। इस दौरान एसडीएम, बीएमओ सहित ब्लॉक के अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर का यह दौरा न केवल ट्रस्ट के लिए प्रोत्साहन का स्रोत बना बल्कि ग्रामीण जनजीवन में स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व को भी रेखांकित करता है। श्री सद्गुरु चिकित्सालय, सेवा, समर्पण और मानवता की सच्ची मिसाल बनकर उभरा है।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!