राज्यस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में सदगुरू संकल्प वेद विद्यापीठ का परचम, 4 विद्यार्थियों ने पाया प्रथम स्थान: राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन

आनंदपुर डेस्क : सीताराम वाघेला
महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, भोपाल परिसर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्यस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में श्री सदगुरू संकल्प संस्कृत वेद विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में संस्था का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के परिसर में संपन्न हुई, जिसमें प्रदेशभर से चयनित प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता में वेद विद्यापीठ के 12 विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में भाग लिया, जिनमें से कई विद्यार्थियों ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। विशेष रूप से प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का आगामी माह आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की संस्कृत प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है, जहां वे पूरे मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार रहीं-
समस्यापूर्ति प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं के आशीष मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अक्षरश्लोकी प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं के रामबदन ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।
काव्यकंठपाठ प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं के नेमचंद्र प्रथम स्थान पर रहे।
चरकसंहिताकंठपाठ प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं के राज त्रिपाठी ने प्रथम स्थान अर्जित किया।
सुभाषितकंठपाठ प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं के सुधाकर को द्वितीय स्थान मिला।
रामायणकंठपाठ प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं के सूरज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
दर्शनसूत्रकंठपाठ प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं के सिद्धार्थ ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर संस्था प्रमुख डॉ. विष्णू भाई जोबनपुत्रा, भारती बेन जोबनपुत्रा,
सदगुरू सेवा समिति की अध्यक्षा इला बेन जोबनपुत्रा
एवं पाठशाला के प्राचार्य डॉ. शिव त्रिपाठी ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की निरंतर साधना, अनुशासन, आचार्यों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। संस्था संस्कृत शिक्षा के संरक्षण, संवर्धन और उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी विद्यार्थियों, आचार्यगण एवं अभिभावकों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी गई।



