भोपाल

कांग्रेस का धर्म संवाद: PCC के भगवाकरण के BJP के तंज पर कमलनाथ ने कहा- भगवा क्या BJP का ट्रेडमार्क है:

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश में सत्ता वापसी का सपना देख रही कांग्रेस इस बार BJP के हिंदुत्व कार्ड का मुकाबला उसी की रणनीति से कर रही है। रविवार को भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) में धर्म संवाद का कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रदेश भर के मठ, मंदिरों के पुजारी और धर्माचार्य शामिल हुए। कार्यक्रम के लिए PCC को भगवा रंग के झंडों से सजाया गया।

पुजारियों ने मांग रखी कि प्रदेश में 1974 के पहले की व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए। 1974 के बाद मंदिरों से संबद्ध भूमि में कलेक्टर के नाम दर्ज किए गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पुजारियों को आश्‍वासन देते हुए कहा कि 6 महीने बाद प्रदेश में हमारी सरकार बनेगी और हम आपको छूट देंगे। ठेकेदार-उद्योगपति को भाजपा जमीन देती है, लेकिन पुजारियों को नहीं।

PCC के भगवाकरण के BJP के तंज पर कमलनाथ ने कहा- भगवा क्या BJP का ट्रेडमार्क है या इन्होंने एजेंसी ली है? अंतर यह है कि हम सभी में धार्मिक भावनाएं हैं, लेकिन हम इसे राजनीतिक मंच पर नहीं लाते। जब हम मंदिर जाते हैं, तो BJP के पेट में दर्द क्यों होता है? रामनवमी के जुलूस में देश के कई इलाकों में हुई हिंसा की घटनाओं पर नाथ ने कहा- 2024 में चुनाव हैं, इसीलिए BJP ही शुरुआत करा रही है कि किस तरह समाज में तनाव रहे।

कमलनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी के सुपारी वाले बयान पर कहा- आज देश बेरोजगारी, महंगाई और अव्यवस्था देख रहा है। मोदी जी अगर इसी में खुश हैं कि कांग्रेस ने सुपारी दी, तो क्या कहा जाए। लेकिन, अब जनता कलाकारी की राजनीति में नहीं फंसने वाली। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री की विजिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को थाने में बैठाने के खिलाफ हम कोर्ट जाएंगे। शिवराज सिंह, इनके मंत्री और विधायक बौखला गए हैं। विकास यात्राओं में इनका विरोध हुआ है। इनके पास अब यही हथकंडे बचे हैं।

कमलनाथ बोले- राम मंदिर बने, लेकिन राजनीति के लिए नहीं

कार्यक्रम के दौरान कमलनाथ ने कहा – मैं हिंदू हूं। विश्व में भारत की आध्यात्मिक शक्ति सबसे बड़ी। नई पीढ़ी सामाजिक मूल्यों से दूर हो रही है। इसे बचाए रखने की जिम्मेदारी आपकी है। हम धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करना चाहते। हम चाहते हैं कि राम मंदिर बने, पर राजनीति के लिए नहीं। धर्म हमारी भावनाओं से जुड़ा है, राजनीति से नहीं। भाजपा आपको परेशान करना चाहती है। वे उन्हीं को पुजारी बनाते हैं, जो उनके कार्यकर्ता हों।

कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी ने बगैर मांगे पुजारियों का मानदेय तीन गुना बढ़ाया। महाकाल कॉरिडोर का प्लान कमलनाथ सरकार में बनाया। राम वन गमन पथ, ओंकारेश्वर के लिए हमारी सरकार ने बजट दिया। हम सरकारी जमीन पर स्थित मंदिरों के पट्टे देने वाले थे, पर भाजपा ने सरकार गिरा दी। नर्मदा ट्रस्ट बनाया, ताकि नर्मदा को अति उत्खनन से बचाया जा सके।

मठ – मंदिरों के सरकारीकरण का विरोध

PCC में हुए धर्म संवाद में मध्यप्रदेश के मठ-मंदिरों के सरकारीकरण को लेकर विरोध दर्ज कराया गया। मंदिरों पर सरकारी अफसरों द्वारा लगाई जा रही बंदिशों को रोकने के लिए भी रणनीति पर चर्चा हुई। पिछले कई साल से साधु, संत, पुजारी मंदिरों और धार्मिक क्षेत्रों के सरकारीकरण का विरोध कर रहे हैं। PCC मुख्‍यालय के राजीव गांधी सभागार में सुबह 11 बजे शुरू हुए इस संवाद कार्यक्रम में प्रदेश भर के मठ – मंदिरों के पुजारी, धर्माचार्य पधारे। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, राजीव सिंह, प्रकाश जैन, जेपी धनोपिया भी शामिल हुए। कांग्रेस ने आज मठ मंदिर स्वायत्तता संकल्प दिवस मनाया।

शिवराज सरकार में पुजारी परेशान

कांग्रेस कार्यालय पर भगवा लगाने के सवाल पर मंदिर प्रकोष्ठ की युवा इकाई के अध्यक्ष सुधीर भारती कहते हैं कि- PCC पर भगवा क्यों नहीं लगाया जा सकता। हम भी हिंदू हैं। हमारा भी धर्म पर अधिकार है। धर्म पर किसी ने कॉपीराइट नहीं करा रखा है। मंदिर के पुजारी शिवराज सरकार में परेशान हैं। मंदिरों पर कब्जा किया जा रहा है। मंदिरों से लगी जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है। वहां समितियां बनाकर तथाकथित धार्मिक संगठन उन पर कब्जा कर रहे हैं। मंदिरों की जमीन कलेक्टरों द्वारा नीलाम कराई जा रही है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!