आज सूरत पहुंचेंगे राहुल गांधी मानहानि केस में सजा के खिलाफ अपील करेंगे: ग्रह मंत्री अमित शाह बोले- नीतीश के लिए BJP के दरवाजे बंद
नई दिल्ली डेस्क :
राहुल गांधी मानहानि केस में मिली 2 साल साल की सजा के खिलाफ आज सूरत कोर्ट में अपील करेंगे। इस दौरान वे अदालत में मौजूद रहेंगे। 2019 में मोदी सरनेम पर दिए बयान से जुड़े केस में इसी अदालत ने 23 मार्च को उन्हें सजा सुनाई थी। सजा के आधार पर 24 मार्च को उनकी संसद सदस्यता रद्द कर दी गई थी। इसके अगले दिन 25 मार्च को राहुल ने कहा- मेरा नाम गांधी है। गांधी किसी से माफी नहीं मांगता।
अगर राहुल को 22 अप्रैल तक सूरत कोर्ट या ऊपरी अदालत से राहत नहीं मिली तो उन्हें जेल जाना पड़ेगा। लेकिन कोर्ट राहुल के दोषी करार दिए जाने को रद्द कर दे या रोक लगा दे तो उनकी लोकसभा सदस्यता बहाल हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, राहुल के साथ कांग्रेस के प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल, राजस्थान के CM अशोक गहलोत, दिग्विजय सिंह सहित कई सीनियर कांग्रेस लीडर सूरत जा सकते हैं।
उधर, गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के नवादा में आयोजित सभा में CM नीतीश कुमार पर निशाना साधा। शाह ने कहा,’ मैं एक बात स्पष्ट कर देता हूं कि 2024 लोकसभा के चुनाव परिणामों के बाद नीतीश बाबू भाजपा में वापस नहीं लिया जाएगा। नीतीश बाबू के लिए भाजपा के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं। जातिवाद का जहर घोलने वाले नीतीश बाबू और जंगलराज के प्रणेता लालू प्रसाद।’
‘अब इन दोनों के साथ भाजपा कभी राजनीतिक सफर नहीं तय कर सकती। मैं लालू प्रसाद यादव को बताने आया हूं कि नीतीश कुमार PM बनने से रहे, वहां जगह खाली नहीं है। तीसरी बार भी मोदी जी PM बनने वाले हैं। और अगर मोदी जी एक बार फिर प्रधानमंत्री बन गए तो आपके बेटे तेजस्वी का बिहार का मुख्यमंत्री बनने का सपना भी नीतीश कुमार पूरा नहीं होने देंगे।’

