न्यूज़ डेस्क

106 दिन से पैदल चल रहे राहुल गांधी, पैरों में पट्टी बंधी, बोले- नहीं रुकेगी भारत जोड़ो यात्रा: कोरोना को बताया सरकार का बहाना, विपक्षी दलों को दिया दिल्ली यात्रा में शामिल होने का न्योता

न्यूज़ डेस्क :

राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा रोकने से इनकार कर दिया है। हरियाणा के नूंह में उन्होंने कहा- केंद्र सरकार ने अब नया फॉर्मूला निकाला है। मुझे चिट्‌ठी लिखी है कि मास्क लगाओ… कोविड फैल रहा है। ये सब यात्रा रोकने के हथकंडे हैं। हिंदुस्तान की सच्चाई से ये लोग डर गए हैं। हमारी यात्रा कश्मीर तक जाएगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने 20 दिसंबर को राहुल गांधी को चिट्‌ठी लिखी थी। उन्होंने राहुल से यात्रा रोकने की अपील की थी। मांडविया ने कहा था- देश में एक बार फिर से कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है, हेल्थ इमरजेंसी के हालात हैं। देश को बचाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा रोक दें।

इधर, राहुल गांधी ने गुरुवार शाम को देश के सभी विपक्षी दलों के नेताओं को चिट्‌ठी लिखकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता भेजा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने इन नेताओं से अपील की है कि भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी, जहां आप सभी शामिल होने के लिए आमंत्रित हैं।

जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर की शाम दिल्ली पहुंचेगी। उसके बाद 9 दिनों का ब्रेक होगा, ताकि कंटेनरों को मरम्मत करके उत्तर में पड़ने वाली कठोर सर्दी के लिए तैयार किया जा सके। साथ ही कई भारत यात्री लगभग 4 महीने बाद अपने परिवार के साथ समय बिता सकें। 3 जनवरी 2023 को यात्रा फिर शुरू होगी।

राजस्थान में भाजपा ने यात्रा रोकने का ऐलान किया, फिर पलटी
इधर, राजस्थान में भाजपा ने अपनी जन आक्रोश यात्रा पहले स्थगित करने का ऐलान किया, फिर कुछ ही घंटे बाद वो उससे पलट गई। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने यात्रा के स्थगित करने की जानकारी दी। उसके बाद राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सतीश पुनिया का बयान आया। उन्होंने कहा कि जब तक कोरोना को लेकर कोई एडवाइजरी जारी नहीं होती तब तक यात्रा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी।

106 दिन से पैदल चल रहे राहुल, पैरों में पट्टी बंधी
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल राजस्थान से हरियाणा पहुंच चुकी है। राज्य में यात्रा का आज दूसरा दिन है। राहुल गांधी नूंह के ऐतिहासिक गांधीग्राम (घासेड़ा) पहुंचे। यहां पर राहुल गांधी के पैरों में पट्‌टी बंधी दिखी। राहुल गांधी 106 दिन से पैदल यात्रा कर रहे हैं। घासेड़ा में ग्रामीणों ने मेवाती पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद यात्रा गुरुग्राम पहुंच गई है। जहां अब नाइट स्टे होगा।

हरियाणा में यात्रा के दूसरे दिन राहुल की स्पीच, 5 बड़ी बातें

1. हम किसी से नहीं पूछते धर्म क्या है

राहुल गांधी ने यहां कहा- यात्रा में हम 100 दिन से ज्यादा चले हैं। इसमें हिंदू, मुसलमान, सिख व ईसाई सब चले हैं। इसमें किसी ने किसी से नफरत नहीं की। किसी ने यह नहीं पूछा कि तुम्हारा धर्म क्या है? जाति क्या है?। सबने एक-दूसरे का सम्मान किया और गले लगे। कल हमारे PCC प्रेसिडेंट गिर गए सबने मिलकर उन्हें उठा दिया। किसी ने यह नहीं पूछा कि तुम किस जाति धर्म के हो। RSS और नरेंद्र मोदी का नफरत का हिंदुस्तान नहीं चाहिए।

2. संसद में माइक ऑफ करते हैं इसलिए यात्रा
उन्होंने कहा- पार्लियामेंट में माइक ऑफ कर देते हैं। इसलिए यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक करनी पड़ी। इस यात्रा में जो हमे सीखने को मिला वह गाड़ी या हेलिकॉप्टर में सीखने को नहीं मिलता। मुझे झूठ बोलना अच्छा नहीं लगता। समय लगेगा, लेकिन हम करके दिखा देंगे। सच्ची सरकार की जरूरत है। महंगाई, बेरोजगारी के लिए मोदी जी से बात करनी होगी। लोकसभा में हमारी बात नहीं सुनी जाती है। देश में ये डर और नफरत फैलाने की बात कर रहे हैं।

3. मोदी के सामने कोई खड़ा हो जाए, भागना शुरू कर देते हैं
राहुल ने कहा- नरेंद्र मोदी का आप चरित्र समझिए जैसे ही उनके सामने कोई खड़ा हो जाता है नरेंद्र मोदी उल्टे घूम कर भागना शुरू कर देते हैं। आप पहचानो कि वह मुकाबला नहीं करते, भाग जाते हैं। सब पर लगाम लगा रखी है। इसीलिए वह कभी मीडिया के सामने भी नहीं आते। यह RSS के सब लोगों में है। वह लोगों से डरते हैं। इसलिए कभी सामना नहीं कर सकते।

4. 90 साल का आदमी साथ चला, वह डरता किसी से नहीं
कांग्रेस नेता ने कहा, “यह वीरों का देश है यहां कोई नहीं डरता। यह यात्रा ने दिखाया है। हम कन्याकुमारी से यहां तक आए हैं। वेणु गोपाल ने मुझे बताया कि हमारे साथ एक 90 साल का व्यक्ति चल रहा है। सबके सामने चलता है, वह किसी से नहीं डरता। जिस दिन यह हिंदुस्तान एक साथ खड़ा हो गया, उस दिन नफरत, हिंसा सब खत्म हो जाएगी। यह दिन अब दूर नहीं, जल्द ही आने वाला है। जब एक बार फिर ये देश भाईचारे के साथ खड़ा होगा।

5. हरियाणा की सड़कों पर चला, यहां के लोगों में दर्द है
उन्होंने कहा कि मैं हरियाणा की सड़कों पर चला हूं। क्या हुआ या नहीं हुआ?, इस पर मैं बोलना नहीं चाहता। जो बीत गया, उसमें मुझे कोई इंट्रेस्ट नहीं है। मुझे दिख रहा है कि आज सड़कें खराब हैं। लोगों में दर्द है। यह सब तब पता चलता है, जब आदमी इन सड़कों पर पैदल चलता है। उसके बाद यह समझाने की जरूरत नहीं पड़ती कि यहां क्या कमी है?। यहां पर शिक्षा की जरूरत है। यहां पर अस्पतालों-मेडिकल कॉलेजों की जरूरत है। यह सबको दिख रहा है और यह हमें भी दिख रहा है। हमारी सरकार आएगी तो जो आपका हक है, वह आपको दिया जाएगा।

जयराम रमेश ने कहा- भारत जोड़ो यात्री फुली वैक्सीनेटेड हैं
भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के पत्र पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा- जुलाई, सितंबर और नवंबर में गुजरात एवं ओडिशा में ओमिक्रॉन सब वैरिएंट BF.7 के 4 केस सामने आए। स्वास्थ्य मंत्री ने कल राहुल गांधी को पत्र लिखा। PM आज स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा एक दिन बाद दिल्ली में प्रवेश करेगी। अब आप क्रोनोलॉजी समझिए। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्री फुली वैक्सीनेटेड हैं।

कांग्रेस बोली- यात्रा की वजह से बिजली काटी
इसी बीच कांग्रेस ने हरियाणा में CM मनोहर लाल खट्‌टर की अगुआई वाली भाजपा-जजपा सरकार पर बिजली गुल करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा – 105वें दिन भड़ास नगीना में यात्रा समाप्त हुई तो ग्रामीणों ने बताया कि आज सुबह से बिजली नहीं है। यह सामान्य बात नहीं है। कल, परसों या पूरे सप्ताह बिजली की कोई कटौती नहीं हुई। BJP का डर्टी ट्रिक डिपार्टमेंट हरियाणा में ज्यादा मेहनत कर रहा है।

हरियाणा में राहुल की यात्रा का दूसरा दिन

  • सुबह 6 बजे मलाब से नूंह शहर तक यात्रा 14 किलोमीटर चली। इस दौरान राहुल गांधी ने रास्ते में कुछ बच्चों और महिलाओं से बातचीत की। उनसे पूछा कि वह किस स्कूल में पढ़ते हैं। बच्चों ने राहुल से मुलाकात को जीवन का सबसे अच्छा पल बताया।
  • राहुल गांधी ने नूंह(मेवात) के गांधीग्राम (घासेड़ा) पहुंचकर लोगों को संबोधित किया। वहां से यात्रा फिरोजपुर नमक तक गई। जहां यात्रा ने लंच ब्रेक लिया।
  • फिरोजपुर नमक से यात्रा गुरुग्राम के सोहना के अंबेडकर चौक पहुंची। यहां राहुल गांधी की जनसभा होनी थी। मगर, वह जनसभा किए बगैर आगे निकल गए। राहुल गांधी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में यहां भीड़ जुटी थी। यह देख हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र ने मंच से कहा कि सिक्योरिटी की वजह से सीआरपीएफ ने रुकने की इजाजत नहीं दी।
  • गुरूवार के आखिरी पड़ाव में यात्रा सोहना के लाखवास पहुंची। यहां पर नाइट स्टे है। कल सुबह 6 बजे हरचंदपुर से पैदल यात्रा शुरू होगी और फरीदाबाद में नाइट स्टे होगा।

पहले दिन की यात्रा के बाद राहुल ने कहा था-
हरियाणा में पहले दिन की यात्रा पूरी करने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट की। उन्होंने लिखा, ‘ये यात्रा मेरी नहीं, हर भारतीय के संघर्ष की कहानी है। हर उस देशवासी की दास्तान है जो एक उज्ज्वल भविष्य का ख़्वाब देखता है, अपने हालात से समझौता नहीं करता, उसे चुनौती देने का जज़्बा रखता है।

आज हमारी यात्रा को 105 दिन पूरे हुए। कई राज्यों की मिट्टी की ख़ुशबू समेट कर चल रहे हैं इन रास्तों में, सुख और दुःख बांटना सब बसा है हमारी यादों में। जब चलना शुरू किया था हमारे विरोधियों ने कई बातें बनाईं। मगर हर राज्य के लोगों ने प्यार और समर्थन की नई मिसाल क़ायम की, हमें ये अहसास दिलाया कि आप अकेले नहीं हो, पूरा देश आपके साथ है।

आज जब हरियाणा की सीमा में प्रवेश किया तो जनता के प्यार और सम्मान की एक और अद्भुत तस्वीर देखी। लड़ जाने की वो ललक, हर हालात से टकरा जाने की हिम्मत – हरियाणा ने हमारी यात्रा को नई ऊर्जा दे दी है। न रुके थे, न रुकेंगे – इस जंग को जीतने तक, भारत जुड़ने तक।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!